

बिलासपुर। शहर में नगर निगम के कब्जे वाली इमारतें भी अब सुरक्षित नहीं रह गई हैं। नगर निगम द्वारा सील किए गए एक ओयो होटल में चोरी का मामला सामने आया है। निगम की टीम द्वारा किए गए निरीक्षण के दौरान चोरी का खुलासा होने के बाद पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
घटना सरकंडा थाना क्षेत्र के अंतर्गत प्रथम अस्पताल के सामने स्थित उस भवन की है, जो गायत्री केडिया के नाम पर दर्ज है और जिसमें लंबे समय से ओयो होटल का संचालन हो रहा था। मोहल्लेवासियों की लगातार शिकायतों और होटल में अनैतिक गतिविधियों की आशंका को देखते हुए नगर निगम ने 3 अक्टूबर 2025 को कार्रवाई करते हुए होटल को सील कर अपने कब्जे में ले लिया था।
नगर निगम को 5 जनवरी 2026 को सूचना मिली कि सील किए गए होटल का ताला टूटा हुआ है। इसके बाद आयुक्त के निर्देश पर 13 जनवरी को निगम के इंजीनियर जुगलकिशोर सिंह अपनी टीम के साथ मौके पर निरीक्षण के लिए पहुंचे। जांच के दौरान होटल के भीतर से 57 नग नल की टोटियां, एक टूलकिट तथा बालकनी में लगे सीसीटीवी कैमरे गायब पाए गए।
इंजीनियर की रिपोर्ट के आधार पर सरकंडा पुलिस ने अज्ञात चोरों के खिलाफ अपराध दर्ज कर लिया है। पुलिस आसपास की इमारतों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि आरोपियों की पहचान कर उन्हें जल्द गिरफ्तार किया जा सके।
इस घटना के बाद नगर निगम की सील संपत्तियों की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े हो गए हैं। पुलिस का कहना है कि जल्द ही चोरी का खुलासा कर लिया जाएगा।
