कोनी में शराब के नशे में कार चलाने और पुलिस से विवाद करने वाले दो आरोपी गिरफ्तार

बिलासपुर |


बिलासपुर जिले के कोनी थाना क्षेत्र में शांति व्यवस्था भंग करने की कोशिश कर रहे दो व्यक्तियों पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए उन्हें गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया है। यह कार्रवाई जिले में चलाए जा रहे सघन कॉम्बिंग गश्त अभियान के दौरान की गई।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बिलासपुर श्री रजनेश सिंह के निर्देशानुसार 5 जनवरी 2025 को थाना कोनी पुलिस कॉम्बिंग गश्त एवं चेकिंग पर निकली हुई थी। इसी दौरान तुर्काडीह मुख्य मार्ग पर एक सफेद रंग की कार (क्रमांक CG10 AD 4488) को रोका गया। वाहन चालक कपिल माथुर (38 वर्ष) और उसके साथ बैठे सुमित माथुर (25 वर्ष), दोनों निवासी तुर्काडीह, थाना कोनी, अत्यधिक शराब के नशे में पाए गए।


पुलिस द्वारा पूछताछ किए जाने पर दोनों आरोपियों ने भागने का प्रयास किया, जिन्हें दौड़ाकर पकड़ लिया गया। जांच में शराब के नशे में वाहन चलाने की पुष्टि होने पर चालक के विरुद्ध मोटर व्हीकल एक्ट की धारा 185 के तहत कार्रवाई की गई। कार्रवाई से आक्रोशित होकर दोनों आरोपी मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों से बहस और हुज्जतबाजी करने लगे।
पुलिस द्वारा समझाने का प्रयास करने के बावजूद आरोपियों ने विवाद जारी रखा, जिससे क्षेत्र में गंभीर घटना घटित होने की आशंका उत्पन्न हो गई। स्थिति को नियंत्रित करने और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से पुलिस ने दोनों व्यक्तियों को भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा 170, 126 एवं 135(3) के तहत प्रतिबंधात्मक कार्रवाई करते हुए गिरफ्तार किया।
गिरफ्तार आरोपियों कपिल माथुर और सुमित माथुर को विधिवत माननीय न्यायालय में पेश किया गया है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि थाना क्षेत्र में शांति व्यवस्था भंग करने वाले किसी भी कृत्य पर आगे भी सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!