

बिलासपुर। जिले में मतदाता सूची के विशेष पुनरीक्षण (एसआईआर) की प्रक्रिया शनिवार को अंतिम चरण में पहुंच जाएगी। जिला निर्वाचन कार्यालय द्वारा आज मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन किया जाएगा। इसके साथ ही जिले के 1815 मतदान केंद्रों में कुल मतदाताओं की संख्या स्पष्ट हो जाएगी।
प्रारंभिक आंकड़ों के अनुसार 53 दिनों की प्रक्रिया में 29 हजार से अधिक नए मतदाताओं के नाम जोड़े गए हैं। अंतिम प्रकाशन के बाद जिले में कुल मतदाताओं की संख्या 13 लाख 41 हजार से अधिक होने की संभावना जताई जा रही है।
पहले 16.75 लाख थे मतदाता
एसआईआर शुरू होने से पहले जिले में कुल 16 लाख 75 हजार 770 मतदाता दर्ज थे। 4 नवंबर से 18 दिसंबर तक गणना पत्रक भरवाए गए, लेकिन 3 लाख 63 हजार 223 लोगों ने फॉर्म नहीं भरे। इसके चलते इन नामों को 23 दिसंबर को हुए प्रारंभिक प्रकाशन में शामिल नहीं किया गया। प्रारंभिक सूची में मतदाताओं की संख्या घटकर 13 लाख 12 हजार 223 रह गई थी।
इसके बाद 24 दिसंबर से 14 फरवरी तक नाम जोड़ने, काटने और संशोधन के आवेदन लिए गए। इस अवधि में दिसंबर के 8 दिन, जनवरी के 31 दिन और फरवरी के 14 दिन शामिल रहे।
40 हजार से अधिक आवेदन मिले
जिला निर्वाचन कार्यालय को कुल 40 हजार 632 आवेदन प्राप्त हुए। इनमें—
फॉर्म-6 (नाम जोड़ने के लिए): 33,045 आवेदन
नाम विलोपन के लिए: 587 आवेदन
फॉर्म-8 (पता परिवर्तन व अन्य संशोधन): 7,000 आवेदन
इनमें से लगभग 29 हजार नए मतदाताओं के नाम सूची में जुड़ने की पुष्टि हुई है। अंतिम आंकड़े प्रकाशन के बाद सामने आएंगे।
विधानसभा क्षेत्रवार नाम जोड़ने के आवेदन
नाम जुड़वाने के लिए विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों में प्राप्त आवेदनों की संख्या इस प्रकार है—
बिल्हा – 7,368
मस्तूरी – 7,183
बिलासपुर – 6,188
बेलतरा – 5,127
कोटा – 3,867
तखतपुर – 3,312
अंतिम प्रकाशन के बाद पुरुष, महिला और अन्य मतदाताओं की संख्या, जोड़े गए और काटे गए नामों का विस्तृत विवरण सार्वजनिक किया जाएगा। हालांकि निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार नाम जोड़ने और काटने की प्रक्रिया आगे भी जारी रहेगी, लेकिन एसआईआर की दृष्टि से यह अंतिम प्रकाशन बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
