सरकंडा क्षेत्र में पुलिस का सख्त अभियान, आबकारी एक्ट व प्रतिबंधात्मक धाराओं में 26 से अधिक आरोपी गिरफ्तार, बीच चौराहों पर हुज्जतबाजी और अवैध गतिविधियों पर पुलिस का प्रहार


बिलासपुर। जिले में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए बिलासपुर पुलिस द्वारा लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में थाना सरकंडा व सिविल लाइन क्षेत्र में आबकारी एक्ट एवं विभिन्न प्रतिबंधात्मक धाराओं के तहत बड़ी कार्रवाई की गई है। पुलिस ने अवैध गतिविधियों में संलिप्त और क्षेत्र में अशांति फैलाने वाले कुल 26 से अधिक लोगों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया है।
आबकारी एक्ट के तहत कार्रवाई
पुलिस ने आबकारी एक्ट के तहत पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनमें तालापारा, भारतीय नगर, तिफरा और भाटापारा क्षेत्र के युवक शामिल हैं। आरोपियों के खिलाफ अवैध शराब से जुड़े मामलों में वैधानिक कार्रवाई की गई है।
BNSS की धारा 170 के तहत प्रतिबंधात्मक कार्रवाई
क्षेत्र में शांति भंग की आशंका को देखते हुए धारा 170 BNSS के तहत दो आरोपियों के खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई है। दोनों आरोपी सिविल लाइन थाना क्षेत्र के निवासी हैं।
BNSS की धारा 128 के तहत 16 आरोपियों पर कार्रवाई
इसके अलावा, 128 BNSS के तहत 16 व्यक्तियों के विरुद्ध प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई है। इनमें बिलासपुर के विभिन्न थाना क्षेत्रों के साथ-साथ पश्चिम बंगाल (हावड़ा जिला) के युवक भी शामिल हैं, जो क्षेत्र में संदिग्ध गतिविधियों में संलिप्त पाए गए।
बीच चौराहे पर लड़ाई-झगड़ा, तीन आरोपी गिरफ्तार
थाना सरकंडा पुलिस ने 28 दिसंबर 2025 को सब्जी मंडी चांटीडीह, देवन चाल चांटीडीह एवं जबड़ापारा क्षेत्र में बीच चौराहे पर आपस में लड़ाई-झगड़ा कर अशांति फैलाने वाले तीन युवकों को गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार पेट्रोलिंग टीम जब मौके पर पहुंची तो आरोपी पुलिस के सामने ही हुज्जतबाजी करने लगे और आसपास के लोगों को डराने-धमकाने का प्रयास किया। इस पर तीनों के खिलाफ प्रतिबंधात्मक धाराओं के तहत कार्रवाई कर न्यायालय में पेश किया गया।
वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर कार्रवाई
पुलिस ने बताया कि वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह (भापुसे) के निर्देश पर जिले में लगातार पेट्रोलिंग, भ्रमण और असामाजिक तत्वों के खिलाफ धरपकड़ अभियान चलाया जा रहा है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर पंकज पटेल और सीएसपी सिविल लाइन निमितेश सिंह के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी सरकंडा निरीक्षक प्रदीप आर्य के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई।
पुलिस ने स्पष्ट किया है कि थाना क्षेत्र में शांति व्यवस्था भंग करने वालों के खिलाफ आगे भी इसी तरह सख्त वैधानिक कार्रवाई जारी रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!