
यूनुस मेमन

बिलासपुर/रतनपुर।
सिद्ध शक्तिपीठ रतनपुर महामाया मंदिर में शारदीय नवरात्र महापर्व धूमधाम से मनाया जा रहा है। दस दिवसीय पर्व के पांचवें दिन चतुर्थी के अवसर पर मंदिर में आस्था और श्रद्धा का सैलाब उमड़ पड़ा। मां महामाया के दर्शन के लिए सुबह से ही भक्तों की लंबी कतार लगी रही।
श्रद्धालुओं की इस भीड़ में छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल भी शामिल हुए। वे शुक्रवार को रतनपुर पहुंचे और मां महामाया के दरबार में विधिविधान से पूजा-अर्चना कर प्रदेश की खुशहाली और समृद्धि की कामना की।

मंदिर में दर्शन के बाद भूपेश बघेल का कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने गर्मजोशी से स्वागत किया। इस दौरान उन्होंने कार्यकर्ताओं से मुलाकात की और हालचाल जाना। दर्शन-पूजन और कार्यकर्ताओं से भेंट के पश्चात पूर्व मुख्यमंत्री रतनपुर से रवाना हो गए।
शारदीय नवरात्र में प्रतिदिन हजारों की संख्या में श्रद्धालु रतनपुर महामाया मंदिर पहुँचकर माता के दर्शन कर रहे हैं। मंदिर परिसर में त्योहार का उल्लास और भक्तिभाव का अद्भुत संगम दिखाई दे रहा है। इस वर्ष यहां करीब 30,000 मनोकामना ज्योति कलश प्रज्वलित किए गए हैं।
