


रिश्तेदारों के सामने गाली गलौज करने से नाराज भतीजे ने चाकू मार कर चाचा की जान ले ली। मामला सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र के तेलीपारा का है।
तेलीपारा स्थित नंदू गैरेज के पास हवाई परिवार रहता है। 36 वर्षीय दिनेश गुप्ता भी हलवाई का काम करता था। बताते हैं कि रविवार की रात वह नशे की हालत में घर पहुंचा। इस दौरान उसका 25 वर्षीय भतीजा सुमित गुप्ता भी घर पर था। उसने भी शराब पी रखी थी।

इस दिन गांव के कई रिश्तेदार उनसे मिलने घर आए थे। उन्हीं के सामने दिनेश गुप्ता गाली गलौज करने लगा। सुमित ने अपने चाचा दिनेश को बार-बार गाली गलौज करने से मना किया लेकिन वह नहीं माना। आखिर सुमित का सब्र जवाब दे गया और वह रसोई से जाकर चाकू उठा लाया। सुमित ने वही चाकू चाचा दिनेश गुप्ता के पेट में भोंक दिया। चाकू मारने से चाचा की आंत भी बाहर निकल आई ,जिसे इलाज के लिए तत्काल सिम्स में भर्ती किया गया लेकिन इलाज के दौरान दिनेश गुप्ता की मौत हो गई। इसके बाद पुलिस ने आरोपी भतीजे सुमित गुप्ता को गिरफ्तार कर लिया है। पता चला कि दोनों के बीच पहले भी कई बार विवाद हो चुका है। मृतक दिनेश गुप्ता नशा कर गाली गलौज किया करता था जिसके कारण आए दिन झगड़ा होता रहता था।
