







बिलासपुर नगर निगम के लिए 11 फरवरी को वोट डाले जाने हैं, इससे पहले पूरे शहर में जमकर चुनाव प्रचार किया जा रहा है। प्रमुख राजनीतिक दलों के साथ बड़ी संख्या में निर्दलीय प्रत्याशी भी मैदान में है। जिन्हें अलग-अलग संगठनों का समर्थन मिल रहा है। इसी दौरान पाटलिपुत्र संस्कृति विकास मंच छठ घाट और पाटलिपुत्र नगर समिति सरकंडा ने भारतीय जनता पार्टी को अपना पूर्ण समर्थन देने का ऐलान किया है। वार्ड क्रमांक 50 बैरिस्टर छेदीलाल नगर में स्थित पाटलिपुत्र नगर में आयोजित समारोह के दौरान पाटलिपुत्र संस्कृति विकास मंच के अध्यक्ष और पदाधिकारी एवं सदस्यों के साथ पाटलिपुत्र नगर समिति के भी पदाधिकारी और कॉलोनी वासियों ने भारतीय जनता पार्टी के महापौर और पार्षद प्रत्याशी को पूर्ण समर्थन देने का ऐलान किया।

पाटलिपुत्र नगर में आयोजित कार्यक्रम में भारतीय जनता पार्टी की महापौर प्रत्याशी पूजा विधानी और वार्ड 50 बैरिस्टर छेदीलाल नगर के भाजपा पार्षद प्रत्याशी जय वाधवानी उपस्थित हुए। पाटलिपुत्र संस्कृति विकास मंच के अध्यक्ष डॉ धर्मेंद्र कुमार दास ने इस अवसर पर कहा कि भारतीय जनता पार्टी की रीति- नीति और कार्य प्रणाली से ही प्रभावित होकर उनकी समिति और उनके कॉलोनी वासियों ने भारतीय जनता पार्टी को ही पूर्ण समर्थन देने का इरादा किया है। उन्होंने कहा कि नगर निगम चुनाव में एक-एक वोट का बड़ा महत्व है, इसलिए मतदान की तिथि पर बिना कोई बहाने बाजी के हर एक मतदाता को मतदान केंद्र तक पहुंचाना और पहुंचना होगा। इसके लिए उन्होंने हर एक नागरिक को जिम्मेदारी देते हुए कहा कि वह स्वयं भी मतदान करें और अपने आसपास मौजूद लोगों को भी मतदान के लिए प्रेरित करते हुए मतदान स्थल तक ले जाने का प्रयास करें।

इस अवसर पर महापौर प्रत्याशी पूजा विधानी ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी ने उन्हें अवसर दिया है और अब जनता भी उन्हें अवसर देती है तो आने वाले 5 सालों में विकास की गंगा बहाई जाएगी। बिलासपुर शहर और अरपा पार के क्षेत्र में पिछले 5 सालों में विकास ठहर सा गया है, जिसे नई गति दी जाएगी। कामकाजी महिलाओं के लिए पिंक टॉयलेट की व्यवस्था की जाएगी। बुनियादी जरूरते सड़क, पानी, नाली, बिजली व्यवस्था दुरुस्त की जाएगी। उन्होंने कहा कि विकसित कॉलोनियो में तो सभी सुविधाएं कॉलोनाइजर उपलब्ध करा देते हैं लेकिन पिछड़े इलाकों में आज भी समस्याएं विकराल है , जिन्हें दूर किया जाएगा और इसके लिए मतदाताओं को भारतीय जनता पार्टी के महापौर के साथ अपने वार्डों में भी भाजपा के पार्षदों को भारी वोटों से जीताना होगा।

वार्ड पार्षद प्रत्याशी जय वाधवानी ने भी पाटलिपुत्र संस्कृति विकास मंच और पाटलिपुत्र नगर समिति से मिल रहे समर्थन के प्रति आभार जताते हुए भरोसा जताया कि भारतीय जनता पार्टी की शहर सरकार बनते ही एक-एक व्यक्ति की अपेक्षाओं पर खरा उतरा जाएगा।


इस अवसर पर पाटलिपुत्र संस्कृति विकास मंच के अध्यक्ष डॉ धर्मेंद्र कुमार दास, सचिव सुधीर झा, धनंजय झा, राम गोस्वामी,दिलीप चौधरी, सतीश सिंह, शशि मिश्रा, विनोद सिन्हा, राहुल, चंदन सिंह , कमलेश और पाटलिपुत्र नगर समिति के नरेंद्र दास, अमित कुमार झा, राजेश कुमार पटेल, सुरेश वर्मा, मोहन राव, विनय शर्मा, विनोद श्रीवास्तव ,रामेश्वर राय , डीके सिंह आदि मौजूद रहे।


