
आकाश

बिलासपुर में मौनी अमावस्या के पावन अवसर पर विशाल महा रुद्राभिषेक का आयोजन किया गया। बिलासपुर के साइंस कॉलेज मैदान में 1108 पार्थिव शिवलिंग का महारुद्राभिषेक किया गया, जिसमें 1108 परिवार यजमान के रूप में सम्मिलित हुए। पारंपरिक सनातनी वस्त्र धारण कर यजमान दोपहर बाद ही आयोजन स्थल पहुंच गए थे, जहां 21 पवित्र नदियों के जल और थाल में 21 प्रकार की पूजन सामग्री के साथ रुद्राभिषेक किया गया। 8 पंडितों द्वारा मंत्रोच्चार कर रुद्राभिषेक कराया गया। श्री राम भिक्षुक महाराज सेवा समिति द्वारा आयोजित धार्मिक आयोजन में समिति की ओर से पूजन में आवश्यक सामग्री जैसे पार्थिव शिवलिंग ,21 नदियों का जल, 21 प्रकार की पूजन सामग्री, पांच प्रकार के फल, पांच प्रकार के प्रसाद, 11 प्रकार के फूल, वनस्पति श्रृंगार, वस्त्र शिवजी को प्रिय पांच प्रकार के पदार्थ , सभी यजमानो के लिए प्रसाद आदि की व्यवस्था की गई। उपस्थित श्रद्धालुओं में भी प्रसाद का वितरण किया गया। इस आयोजन में बेलतरा विधायक सुशांत शुक्ला, पूर्व विधायक रजनीश सिंह ,सुजान शर्मा राजा शर्मा, महावीर शर्मा, प्रिंस वर्मा, प्रसून गोस्वामी आदि सम्मिलित हुए।
