

बिलासपुर में महिलाओं को झांसे में लेकर उनके गहने पार करने वाला गिरोह सक्रिय है। यह गिरोह आमतौर पर बुजुर्ग और अकेली महिलाओं को ही निशाना बनाता है, खास कर उन महिलाओं को जिन्होंने जेवर पहने हुए हैं। पहली घटना हालांकि 8 दिसंबर की है, जब नेचर सिटी उसलापुर में रहने वाली 72 वर्षीय बुजुर्ग महिला लक्ष्मी अग्रवाल किसी काम से शिव टॉकीज मामा भांजा तालाब के पास गई थी। इस दौरान वहां उसे 25- 26 साल के दो लड़के मिले, जिन्होंने बुजुर्ग महिला को जेवर डबल करने का झांसा देकर उनके सोने की चेन अंगूठी आदि उतरवा ली जिसकी कीमत करीब डेढ़ लाख रूपए है । बुजुर्ग महिला के साथ धोखाधड़ी करने के बाद दोनों लड़के गायब होंगे। महिला ने जब घर पहुंच कर परिजनों को यह बताया तो उन्होंने उन लड़कों की तलाश की, नहीं मिले तो अब जाकर कोतवाली थाने में मामले की शिकायत दर्ज कराई गई है।
इन ठगों का शिकार अकेली लक्ष्मी नहीं हुई। कतिया पारा जूना बिलासपुर में रहने वाली 65 साल की बुजुर्ग महिला पुष्पा गढ़ेवाल भी इनका शिकार बनी। 17 दिसंबर को पुष्पा अपना इलाज करने सिम्स अस्पताल गई थी। अस्पताल के गेट में उसे दो युवक मिले, जिन्होंने महिला को झांसे में लेकर उसके गहने उतरवा लिए और उसे एक कागज के बंडल में पैक कर उसे दे दिया । घर जाने पर पता चला कि झांसा देकर वह लड़के महिला के 8 ग्राम वजनी सोने की अंगूठी, बाली चैन आदि मिलाकर करीब 1 लाख रुपए के जेवरात लेकर चलते बने हैं ।परिजनों ने आसपास ठगो को तलाशा लेकिन उनका कुछ पता नहीं चला।
ठगों का अगला शिकार बहतराई अटल आवास में रहने वाली 46 वर्षीय सविता साहू हुई। वह 14 दिसंबर की दोपहर काम कर घर जा रही थी। इसी दौरान खपड़गंज के पास उसे दो लड़के नजर आए, जिन्होंने गहनों को डबल कर देने का झांसा देकर उसके सोने चांदी के जेवर उतरवा लिए। दुगना पैसा देने का झांसा देकर उन्होंने कागज का बंडल बना महिला को थमा दिया। इस तरह सविता के भी ₹50 हज़ार के जेवरात लेकर वे चलते बने। इन तीनों मामलों की शिकायत कोतवाली थाने में की गई है। पुलिस को संदेह है कि इन सभी घटनाओं के पीछे एक ही गैंग का हाथ है जिसमें युवक और नाबालिक भी शामिल है। पुलिस को यह भी संदेह है कि ठगी किसी बाहरी गिरोह ने किया है। पुलिस घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी की मदद से आरोपियों की तलाश कर रही है।
बताया जा रहा है की ठगी करने वाला यह गिरोह महिलाओं को ऐसा कुछ सूंघा देता है या फिर उनके शरीर से स्पर्श कर देता है जिससे महिलाएं बेसुध हो जाती है। इसी से मिलती-जुलती घटना मंगल क्षेत्र में हुई। सुभम विहार में रहने वाली हाउसवाइफ शशि पांडे 6 दिसंबर दोपहर को दुकान में किस्त पटाकर घर लौट रही थी। तभी उसे रास्ते में दो लड़के मिले, जिसमें से छोटे लड़के ने कहा कि उसने दो-तीन दिन से खाना नहीं खाया है। महिला को उस पर दया आ गई तो उसने उसे ₹100 दे दिए, जिस पर वह लड़का बोला कि उन्हें बिहार जाना है। जब महिला ने कहा कि उसके पास इतने पैसे नहीं है और महिला ने दोनों को थाने जाने की सलाह दी। इसी दौरान उस लड़के ने एक बंडल खोलकर दिखाया और उसका स्पर्श महिला के हाथ से किया। जिससे कुछ देर के लिए शशि का दिमाग शून्य हो गया। इस दौरान एक और युवक वहां पहुंचा जिसने लड़के को महिला के हाथ की अंगूठी निकालने को कहा ।अंगूठी टाइट होने पर नहीं निकली तो उन लोगों ने दोनों हाथ में सोने का कंगन निकाल लिया, जिसकी कीमत करीब 1 लाख 22 हजार रुपए से अधिक है। महिला के हाथ का कंगन लेकर दोनों गायब हो गए। जिसकी शिकायत सिविल लाइन थाने में की गई है।
