

भाजपा नेता चलबो गौठान खोलबो पोल अभियान के तहत अपने अपने क्षेत्र के गौठन में जाकर वहां व्याप्त अव्यवस्थाओं को उजागर कर रहे हैं। इसी कड़ी में भाजपा अनुसूचित जाति मोर्चा के जिला अध्यक्ष चंद्रप्रकाश सूर्या भी मंडल के पदाधिकारियों के साथ मस्तूरी विधानसभा क्षेत्र के ग्राम पंचायत कुटेला ठाकुर देवा एवं विद्या डीह स्थित गौठान का निरीक्षण किया ।यहां गौठान में एक भी गाय नहीं मिली, साथ ही किसी भी गौठान में बैरिकेड नहीं पाया गया। चंद्रप्रकाश सूर्या ने कहा कि आने वाले दिनों में किसान अपने खेतों में फसल लगाएंगे, उस दौरान गांव में खुले में विचरण कर रहे गोवंश किसानों के लिए मुसीबत बनेंगे। सरकार द्वारा गौठान खोले जाने के दावे के चलते किसानों ने अपने अपने घर में पारंपरिक गौशाला खत्म कर दिया है , जिस कारण गांव में गोवंश खुले में विचरण कर रहे हैं। सभी गौठान में भारी अव्यवस्था नजर आई। गौठान योजना को पूरी तरह फेल बताते हुए राज्य सरकार पर भ्रम फैलाने का आरोप लगाया गया। कहा गया कि नरवा गरवा घुरवा बाड़ी के नाम पर जनता की गाढ़ी कमाई के 1300 करोड़ रुपए फूंक दिए गए।
प्रत्येक गौठन को 18 लाख रुपए से अधिक देने का दावा किया जा रहा है, लेकिन गौठान में ना तो गाय हैं और ना चारा। गौठान का खर्च मनरेगा के पैसे का दुरुपयोग कर उठाया जा रहा है। सरपंचों ने बताया कि इसके बावजूद बड़ी मुश्किल से ही उन्हें राशि मिल पा रही है।

गौठान योजना को पूरी तरह भ्रष्टाचार बताते हुए चंद्रप्रकाश सूर्या ने कहा कि इस बहाने कांग्रेस सरकार अपने लोगों को भ्रष्टाचार करने का मौका दे रही है। इस भीषण गर्मी में गौठानो में ना तो चारा है और ना ही पशुओं के लिए पीने के पानी। शहरों की तरह गांव में भी सड़क पर गोवंश का डेरा है। इस अवसर पर अनुसूचित जाति मोर्चा के जिला अध्यक्ष चंद्रप्रकाश सूर्या के साथ सरपंच शशि कोसले, रामचरण कोसले, मंडल प्रभारी लोकनाथ बंजारे, व्यास नारायण पटेल, साधराम दिवाकर उभेद राम पटेल, गोपाल यादव, दिनेश पटेल , सनत पटेल, अरुण कुमार पटेल, रितेश, अमृत लाल जांगड़े, संजीव कुमार, आनंद, हबीब खान, सफुन पोर्ते आदि मौजूद थे।
