
आकाश

हिस्ट्रीशीटर और कथित कांग्रेसी नेता संजू त्रिपाठी की हत्या के मामले में पुलिस को अहम सुराग हाथ लगे हैं। 30 से अधिक मामलों के आरोपी संजीव त्रिपाठी से उसका पिता और सगा भाई तंग आ चुके थे , इसलिए पुलिस को संदेह है कि इस हत्या में उनका हाथ हो सकता है। अब लगभग लगभग यह बात पुख्ता होती जा रही है।

पुलिस को संजीव त्रिपाठी के पिता जयनारायण त्रिपाठी के मोबाइल से कुछ ऑडियो क्लिप मिले हैं, जिसमें संजीव त्रिपाठी का भाई कपिल अपने पिता से कह रहा है कि उनका प्लान ए फेल हो गया है अब प्लान बी पर काम करना होगा। प्लान बी यानी सुपारी देकर हत्या करना माना जा रहा है । आदतन अपराधी संजू त्रिपाठी का भाई कपिल कभी उसका क्राइम पार्टनर था लेकिन किसी जमीन के विवाद के चलते संजीव त्रिपाठी और उसके बीच दुश्मनी हो गई। संजु त्रिपाठी इतना क्रूर था कि वह अपने पिता पर भी हाथ उठा देता था। पहले संजु त्रिपाठी के पिता उसके ही साथ रहते थे लेकिन कई बार उनकी पिटाई होने के बाद वे भिलाई में रहने लगे थे।

पुलिस के हाथ ऐसे ऑडियो क्लिप लगे हैं जिससे यह स्पष्ट हो रहा है कि संजू की हरकतों से उसका भाई कपिल और पिता नारायण किस कदर तंग थे। एक्सटॉर्शन लोगों की जमीन जायदाद पर जबरन कब्जा, यहां तक की युवती को ब्लैकमेल करने का भी जिक्र ऑडियो में है।
करीब 7 महीने पहले जमीन विवाद में समझौते के नाम पर संजू ने अपने पिता जयनारायण और कपिल को अपने घर बुलाया था। इसी दौरान उसने फरसे से कपिल के सर पर वार कर दिया था। इस मामले में उस पर हत्या के प्रयास का आरोप लगा था लेकिन बाद में अपने रसूख के दम पर उसने डॉक्टर की मदद से धारा 307 हटावा लिया था, जिससे बाप बेटे चिढ़े हुए थे ।
इधर पुलिस को यह जानकारी भी मिली है कि पिछले एक सप्ताह से कपिल त्रिपाठी के सकरी स्थित फार्महाउस में बाहर से आकर कुछ लोग रुके हुए थे। यह लोग शूटर हो सकते हैं। पुलिस को संदेह है कि उड़ीसा या बंगाल के कुछ शूटर लगातार संजय त्रिपाठी की रेकी कर रहे थे। कपिल के फार्म हाउस के खंडहर नुमा मकान में ठहरे इन संदेहियों के कुछ सुराग भी पुलिस के हाथ लगे हैं। फार्महाउस में शराब की बोतलें, डिस्पोजल आदि जलाई गई है।

घटना के बाद से गायब कपिल के दुर्ग भिलाई में होने की आशंका जताई जा रही थी, लेकिन अब उसके अपने ससुराल भागने की आशंका के चलते एक टीम उत्तर प्रदेश पहुंच गई है। अब तक पुलिस को जो सुराग मिले हैं उससे यह पुख्ता होने लगा है कि इस हत्याकांड के पीछे संजू त्रिपाठी के ही सगे भाई कपिल त्रिपाठी की अहम भूमिका हो सकती है। घटना के दौरान वह अपने घर पर मौजूद था, लेकिन उसके बाद से वह गायब है। पुलिस उसकी पत्नी और पिता से लगातार पूछताछ कर कपिल त्रिपाठी तक पहुंचने की कोशिश कर रही है। इधर पुलिस को रायगढ़ के उन दो बदमाशों की भी तलाश है जिन पर संदेह है कि उन्होंने ही शूटर को हथियार उपलब्ध कराए थे। संजू त्रिपाठी हत्याकांड की गुत्थी सुलझाने के लिए बिलासपुर पुलिस ने एक जंबो टीम तैयार की है जिसमें चुनिंदा पुलिस अधिकारी शामिल किए गए हैं, ताकि इस मामले को जल्द से जल्द सुलझाया जा सके।
लेटेस्ट अपडेट
संजू त्रिपाठी हत्याकांड की गुत्थी सुलझाने के लिए बिलासपुर पुलिस ने 22 सदस्यों की एक टीम गठित की है , जो हत्यारों की तलाश में अलग-अलग शहर की ओर रवाना हो चुके हैं। पुलिस ने अब तक घटना में इस्तेमाल स्कॉर्पियो और बलेनो वाहन को बरामद कर लिया है। गुरुवार को संजु त्रिपाठी का पोस्टमार्टम किया गया। उसके शरीर से 7.62 एमएम के राउंड निकले। पोस्टमार्टम के बाद शुक्रवार को संजु त्रिपाठी का अंतिम संस्कार कर दिया गया।
