हिस्ट्रीशीटर संजीव त्रिपाठी हत्याकांड में इस्तेमाल कार लावारिस हालत में भरनी परसदा के पास मिली, पुलिस को मृतक के ही भाई पर संदेह, घटना के बाद से है फरार

हिस्ट्रीशीटर संजू उर्फ प्राण नाथ त्रिपाठी हत्याकांड में पुलिस के हाथ अहम सुराग लगा है। हत्यारे जिस कार में सवार होकर पहुंचे थे वह कार पुलिस के हाथ लग गई है। पुलिस को शक था कि हत्यारे रायपुर की ओर भागे हैं इसलिए वह टोल नाका में लगे सीसीटीवी फुटेज चेक करती रही । इधर शूटर्स की कार भरनी परसदा गांव में पोड़ी रोड पर मिली है। शुरुआती जांच में पता चला है कि कार का नंबर प्लेट बदला गया है। अब यह अंदाजा लगाया जा रहा है कि शूटर बिलासपुर कोटा रोड से भागने में कामयाब हो गए हैं।

पता चला है कि हिस्ट्रीशीटर संजू त्रिपाठी को अपनी हत्या होने का एहसास हो गया था। उस पर 30 से अधिक मामले दर्ज थे। कई लोगों से दुश्मनी की वजह से उसके सर पर मौत मंडरा रही थी। उसने घटना वाले दिन शाम 4:00 बजे अपनी पत्नी को फोन कर यह बात बताई थी कि उसकी हत्या हो सकती है, इसलिए वह शहर से बाहर भागना चाहता है। पत्नी को बैग पैक कर गार्ड को देने के लिए कहा गया था। लेकिन इससे पहले ही सकरी में शाम करीब 4:20 पर शूटर्स ने गोली मारकर उसकी जान ले ली।


पता चला कि संजू के कार के आगे एक सफेद रंग की कार अड़ा दी गई, जिससे संजू को अपनी कार रोकने पड़ी। इसी दौरान पीछे के कार से हमलावर निकल कर आए और 8 राउंड फायरिंग कर दी। संजू की मौके पर ही मौत हो गई।
संजू के गाड़ी के सामने कांग्रेस ब्लॉक महामंत्री का बोर्ड लगा है लेकिन कांग्रेस के नेता संजू के कांग्रेस पदाधिकारी होने से साफ इंकार कर रहे हैं। हालांकि सोशल मीडिया पर ऐसे प्रमाण भी वायरल हो रहे हैं जिसमें प्राण त्रिपाठी को कांग्रेस का पदाधिकारी दर्शाया गया है। इधर पुलिस को शक है कि इस हत्याकांड के पीछे संजीव त्रिपाठी के ही भाई कपिल त्रिपाठी की भूमिका हो सकती है, क्योंकि घटना के बाद से कपिल त्रिपाठी फरार हो गया है। उसका लोकेशन भिलाई के आसपास मिला है। फरार होने से पहले कपिल त्रिपाठी ने अपने घर में मौजूद सीसीटीवी का डीवीआर भी डिलीट कर दिया था। संजू त्रिपाठी का भाई कपिल त्रिपाठी भी आदतन अपराधी है।

कभी दोनों हर अपराध के पार्टनर हुआ करते थे, लेकिन जमीन विवाद में अपने ही भाई से कपिल की ठन गयी। संजू की अपने पिता जय नारायण त्रिपाठी से भी नहीं बनती थी। करीब 7 माह पहले संजू त्रिपाठी ने कपिल पर जानलेवा हमला कर दिया था। दोनों एक दूसरे के खून के प्यासे बन गए थे। पुलिस को शक है कि सुपारी देकर कपिल त्रिपाठी भी हत्या करवा सकता है। इसके अलावा भी कई और लोगों से संजू की दुश्मनी रही है ।जिसमें निर्मलकर ब्रदर्स भी शामिल है। हाल ही में एक गवाह को संजू ने धमकाया था। इसका भी संबंध इस हत्याकांड से हो सकता है। पुलिस इसकी भी पड़ताल कर रही है। पुलिस को हत्यारों की कार के रूप में एक सुराग मिला है। पुलिस मानकर चल रही है कि शार्प शूटर प्रोफेशनल थे, इसलिए उन्होंने इतने सटीक तरीके से वारदात को अंजाम दिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!
03:02