गंगोत्री से रामेश्वरम की 4100 किलोमीटर की कावड़ यात्रा पर निकले बिहार के माया नंद झा शनिवार शाम को पहुंचेंगे बिलासपुर, महामाया चौक पर किया जाएगा उनका स्वागत

पूरे भारत को अपने कदमों से नापने गंगोत्री से रामेश्वरम तक 4100 किलोमीटर की कावड़ यात्रा पर निकले माया नंद झा शनिवार शाम को बिलासपुर पहुंचेंगे। 66 वर्षीय ग्राम भैरव, बलिया, जिला मधुबनी, बिहार निवासी माया नंद झा राज्य परिवहन निगम बिहार के कर्मचारी थे। सेवानिवृत्ति के बाद देश जोड़ने और शिव शंभू की भक्ति में उन्होंने गंगोत्री हरिद्वार से कावड़ यात्रा की शुरुआत 10 सितंबर 2022 को की। गंगोत्री हरिद्वार से रामेश्वरम की दूरी लगभग 4100 किलोमीटर है। पैदल कांवर यात्रा में निकले माया नंद झा हर दिन करीब 20 किलोमीटर की दूरी तय करते हैं। रात्रि विश्राम के पश्चात फिर अगले दिन की यात्रा शुर होती है। जगह जगह उनका स्वागत सत्कार भी किया जा रहा है।

पिछले करीब सप्ताह भर से वे अमरकंटक के रास्ते से छत्तीसगढ़ में प्रवेश कर अपनी आगे की यात्रा पूरी कर रहे हैं। शुक्रवार को वे रतनपुर पहुंचे, जहां से पदयात्रा करते हुए वे शनिवार शाम को बिलासपुर पहुंचेंगे। इस दौरान महामाया चौक पर उनके भव्य स्वागत की तैयारी की गई है। रात्रि विश्राम के पश्चात वे फिर आगे की यात्रा पर निकल जाएंगे। अपनी बढ़ती उम्र के बावजूद माया नंद झा ने जो कठिन संकल्प किया है वह सराहनीय है। एक तरफ इस यात्रा से जहां अध्यात्म का पक्ष प्रबल हो रहा है तो वही संपूर्ण भारत की यात्रा से एकजुटता का संदेश भी माया नंद झा दे रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!