
महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय गंगौटी में आयोजित हुआ शिविर
संतोष यादव
सूरजपुर/14 जुलाई 2026/ कलेक्टर श्रीमती रेना जमील के निर्देश पर महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा विकासखंड भैयाथान अंतर्गत शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय गंगौटी में “बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ” अभियान के तहत जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में छात्राओं एवं उपस्थित जनों को आत्मरक्षा, साइबर सुरक्षा, बाल अधिकारों तथा महिला एवं बाल कल्याण से जुड़ी विभिन्न योजनाओं की विस्तृत जानकारी प्रदान की गई।
शिविर के दौरान सुश्री सारिका द्वारा छात्राओं को आत्मरक्षा का प्रशिक्षण दिया गया, ताकि वे विषम परिस्थितियों में स्वयं की सुरक्षा हेतु सक्षम बन सकें। इसके पश्चात श्री राय सिंह ने साइबर अपराध के विभिन्न स्वरूपों के प्रति सचेत करते हुए बचाव के उपाय बताए तथा साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 की जानकारी दी।
वित्तीय साक्षरता एवं समन्वयक विशेषज्ञ सुश्री फरजाना ने “बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ” अभियान के महत्व के साथ-साथ घरेलू हिंसा, महिला उत्पीड़न एवं मासिक धर्म स्वच्छता जैसे विषयों पर जागरूक किया तथा महिला हेल्पलाइन नंबर 181 एवं 112 की जानकारी प्रदान की। जेंडर विशेषज्ञ सुश्री पूनम राजवाड़े ने नोनी सुरक्षा योजना, सुकन्या समृद्धि योजना, प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना, महतारी वंदन योजना एवं सखी वन स्टॉप सेंटर सहित बालिकाओं एवं महिलाओं के हित में संचालित योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी।
बाल संरक्षण अधिकारी श्री मनोज जायसवाल ने बाल विवाह से होने वाले दुष्परिणामों से अवगत कराते हुए बाल विवाह न करने की सलाह दी तथा किसी भी आपात स्थिति में चाइल्ड हेल्पलाइन नंबर 1098 पर संपर्क करने का सुझाव दिया। उन्होंने किशोर न्याय (बालकों की देखरेख एवं संरक्षण) अधिनियम की धारा 77 एवं 78 के संबंध में विस्तृत जानकारी देने के साथ ही यातायात नियमों के प्रति भी जागरूक किया।
शिविर के माध्यम से उपस्थित छात्राओं एवं ग्रामीणजनों को शासन द्वारा संचालित कल्याणकारी योजनाओं तथा सुरक्षा हेतु उपलब्ध विभिन्न हेल्पलाइन सुविधाओं की उपयोगी जानकारी प्राप्त हुई, जो उनके सशक्तिकरण एवं सुरक्षा की दिशा में महत्वपूर्ण सिद्ध होगी।
