
ओवरटेक के बाद शुरू हुआ विवाद, बेटी ने वीडियो बनाना शुरू किया तो भाग निकले आरोपी; पीड़ित ने एफआईआर की मांग की
आकाश दत्त मिश्रा

बिलासपुर। शहर में रोडरेज की घटनाएं लगातार बढ़ती जा रही हैं। आए दिन मामूली बातों पर सड़क पर विवाद, गाली-गलौज और मारपीट की घटनाएं सामने आ रही हैं, जिससे आम नागरिकों में असुरक्षा की भावना बढ़ने लगी है। सोमवार को सरकंडा क्षेत्र में ऐसा ही एक मामला सामने आया, जहां परिवार के साथ शॉपिंग के लिए जा रहे एक व्यक्ति का दो युवकों ने पहले सड़क पर पीछा किया, फिर सरकंडा थाने तक पहुंचकर जान से मारने की धमकी दी। घटना के बाद पीड़ित ने थाने में शिकायत दर्ज कर आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
जानकारी के अनुसार मंगला निवासी मनोज सोनी सोमवार दोपहर अपनी पत्नी और दो बच्चों के साथ टियागो कार क्रमांक सीजी-10-बीए-4131 से डी-मार्ट में खरीदारी के लिए जा रहे थे। जब उनका वाहन सरकंडा क्षेत्र स्थित एक पेट्रोल पंप के पास पहुंचा, तभी पीछे से आई एक स्विफ्ट डिजायर कार (यूपी-60-3873) ने उनकी कार को ओवरटेक किया।

मनोज सोनी का आरोप है कि कार में सवार दो युवकों ने साइड नहीं देने का आरोप लगाते हुए अचानक गाली-गलौज शुरू कर दी। उन्होंने बताया कि जब उन्होंने परिवार के सामने अभद्र व्यवहार करने से मना किया तो दोनों युवक और अधिक आक्रामक हो गए। आरोप है कि उन्होंने न केवल अपशब्द कहे बल्कि मारपीट पर उतारू हो गए और जान से मारने की धमकी भी देने लगे।
परिवार की सुरक्षा के लिए सीधे पहुंचे सरकंडा थाना
स्थिति बिगड़ती देख मनोज सोनी ने किसी प्रकार विवाद से बचते हुए अपनी कार सीधे सरकंडा थाना की ओर मोड़ दी। उनका उद्देश्य पुलिस की मौजूदगी में अपने परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित करना था। लेकिन स्विफ्ट डिजायर में सवार दोनों युवक उनका पीछा करते हुए सरकंडा थाना तक पहुंच गए।
पीड़ित के अनुसार हैरानी की बात यह रही कि दोनों युवक थाने के सामने भी नहीं रुके। वे वाहन से उतरकर गाली-गलौज करते रहे और खुलेआम जान से मारने की धमकी देते रहे। यह पूरा घटनाक्रम उस समय हुआ जब मनोज सोनी अपनी पत्नी और दोनों बच्चों के साथ मौजूद थे।
बेटी ने बनाया वीडियो तो भाग निकले आरोपी
मनोज सोनी ने बताया कि जब उनकी बेटी ने मोबाइल फोन से दोनों युवकों का वीडियो रिकॉर्ड करना शुरू किया तो वे घबरा गए। इसके बाद दोनों वहां से तेजी से भाग निकले। हालांकि जाते-जाते भी उन्होंने मनोज सोनी को गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी।
घटना से पूरा परिवार दहशत में है। मनोज सोनी ने सरकंडा थाने में शिकायत दर्ज कराते हुए बताया कि विवाद करने वाले युवकों में से एक की पहचान राहुल सिंह ठाकुर के रूप में हुई है, जो कथित रूप से सरकंडा के अशोक नगर क्षेत्र का रहने वाला है। उनका आरोप है कि दोनों युवक शराब के नशे में थे और उनकी हरकतों से ऐसा प्रतीत हो रहा था कि वे किसी भी अप्रिय घटना को अंजाम दे सकते थे।
सख्त कार्रवाई की मांग
पीड़ित ने पुलिस से आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर कठोर कानूनी कार्रवाई की मांग की है। उनका कहना है कि यदि थाना परिसर के सामने भी इस तरह खुलेआम धमकी देने वालों पर सख्ती नहीं हुई, तो आम नागरिक खुद को सुरक्षित कैसे महसूस करेंगे।
बढ़ती रोडरेज की घटनाओं ने बढ़ाई चिंता
शहर में पिछले कुछ समय से रोडरेज की घटनाओं में लगातार वृद्धि देखने को मिल रही है। शराब के नशे में वाहन चलाना, मामूली बातों पर गाली-गलौज, पीछा करना और मारपीट जैसी घटनाएं आम होती जा रही हैं। इससे यह सवाल उठने लगा है कि क्या बिलासपुर की सड़कें अब आम नागरिकों और परिवारों के लिए पहले जैसी सुरक्षित रह गई हैं। नागरिकों का मानना है कि ऐसे मामलों में त्वरित और कड़ी कार्रवाई ही सड़क पर कानून व्यवस्था का विश्वास कायम रख सकती है।
