
बिलासपुर। सीपत थाना क्षेत्र के ग्राम धनिया में खेत की जुताई को लेकर हुए विवाद में एक फर्नीचर कारोबारी पर धारदार हथियार से हमला कर दिया गया। हमले में कारोबारी के दोनों हाथों में चोट आई है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार ग्राम धनिया निवासी माधो पाटनवार (56), पिता स्वर्गीय सालिक राम पाटनवार, फर्नीचर का व्यवसाय करते हैं। उन्होंने शिकायत में बताया कि शनिवार शाम करीब 4.30 बजे वह अपने बड़े भाई गोपाल पाटनवार के साथ चौकरा स्थित खेत में ट्रैक्टर से जुताई-बुआई का कार्य करने गए थे।
शाम करीब 5.30 बजे घर लौटने के दौरान गांव का कोमल पाटनवार वहां पहुंचा और खेत की जुताई को लेकर विवाद करने लगा। आरोप है कि गाली-गलौज का विरोध करने पर आरोपी ने जान से मारने की धमकी देते हुए धारदार हथियार से हमला कर दिया। हमले में माधो पाटनवार के दोनों हाथों में चोटें आईं।
घटना के दौरान उनके बड़े भाई गोपाल पाटनवार ने बीच-बचाव कर स्थिति को शांत कराया। इसके बाद माधो पाटनवार ने अपने बेटों खमेंद्र और प्रमेंद्र पाटनवार को फोन पर घटना की जानकारी दी। बाद में परिजनों के साथ सीपत थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर मामले की विवेचना शुरू कर दी है।
