

बिलासपुर। बिल्हा थाना पुलिस ने अवैध उगाही, मारपीट और आम लोगों में भय का माहौल बनाने वाले हिस्ट्रीशीटर बदमाश सत्यप्रकाश उर्फ सत्या उर्फ प्रदीप घृतलहरे को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। आरोपी पर अपने साथियों के साथ मिलकर क्रेशर में चलने वाले ट्रक चालकों से जबरन वसूली करने और विरोध करने पर मारपीट करने का आरोप है।

पुलिस के अनुसार, वार्ड क्रमांक 12 बिल्हा निवासी महेश शर्मा ने 17 जून को थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि 16 जून की दोपहर ग्राम पंचायत दुर्गडीह में सत्यप्रकाश घृतलहरे, उसके भाई दिलेश घृतलहरे तथा अन्य साथियों ने क्रेशर में कार्यरत ट्रक चालकों से शराब पीने के लिए अवैध रूप से पैसों की मांग की। इस दौरान ट्रक चालक पुन्नू यादव और मोनू राजपाल के साथ मारपीट कर उन्हें जान से मारने की धमकी भी दी गई।
आरोप है कि बदमाशों ने ग्राम पंचायत के सामने टेंट लगाकर आने-जाने वाले वाहनों को रोकना शुरू कर दिया था और रॉयल्टी जांच के नाम पर दबाव बना रहे थे। शिकायत के मुताबिक आरोपी खुलेआम यह कह रहा था कि जब तक पैसे नहीं दिए जाएंगे तब तक वाहन नहीं चलने दिए जाएंगे तथा शासन-प्रशासन उसका कुछ नहीं बिगाड़ सकता।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मधुलिका सिंह एवं नगर पुलिस अधीक्षक चकरभाठा नुपुर उपाध्याय के मार्गदर्शन में विशेष टीम गठित की गई। पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर सिरगिट्टी क्षेत्र में घेराबंदी कर मुख्य आरोपी सत्यप्रकाश उर्फ सत्या को गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में आरोपी ने अपने साथियों के साथ अवैध उगाही और मारपीट की घटना स्वीकार कर ली। पुलिस ने घटनास्थल से टेंट और कुर्सियां भी जब्त की हैं। आरोपी को गुरुवार को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है, जबकि मामले के अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी बिल्हा निरीक्षक तोपसिंह नवरंग, पीएसआई करन राज बघेल, आकाश बंजारे, प्रीति पैकरा सहित थाना स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
