घर के बाहर झाड़ू लगा रही महिला से चेन स्नेचिंग, स्कूटी सवार तीन बदमाश फरार

बिलासपुर। तोरवा थाना क्षेत्र में सुबह-सुबह चेन स्नेचिंग की वारदात सामने आई है। घर के सामने सड़क पर झाड़ू लगा रही एक महिला के गले से स्कूटी सवार तीन अज्ञात युवकों ने सोने की चेन झपट ली और मौके से फरार हो गए। घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है। पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार शिवधाम विहार, विनित पेट्रोल पंप के पास निवासी भानू प्रकाश ने थाना तोरवा में शिकायत दर्ज कराई है। उन्होंने बताया कि 15 जून 2026 की सुबह करीब 4:30 बजे वह रेलवे विभाग में लोको पायलट होने के कारण ड्यूटी के लिए घर से निकल गए थे। इसके कुछ समय बाद उनकी पत्नी संजू कुमारी ने फोन कर घटना की जानकारी दी।

संजू कुमारी ने पुलिस को बताया कि सुबह लगभग 6 बजे वह घर के सामने मुख्य सड़क पर झाड़ू लगा रही थीं। इसी दौरान नीले रंग की स्कूटी में सवार तीन युवक वहां पहुंचे। स्कूटी के पीछे बैठे युवक ने अचानक उनके गले में पहनी सोने की चेन पर झपट्टा मारकर उसे छीन लिया। वारदात को अंजाम देने के बाद तीनों आरोपी तेज गति से मेन रोड की ओर फरार हो गए।

पीड़िता के मुताबिक स्कूटी चला रहा युवक नीले रंग की टी-शर्ट और नीली जींस पहने हुए था। बीच में बैठे युवक ने सफेद शर्ट तथा पीछे बैठे युवक ने सफेद टी-शर्ट पहन रखी थी। पीछे बैठे युवक ने ही चेन झपटने की वारदात को अंजाम दिया।

घटना के बाद परिजनों और आसपास के लोगों ने आरोपियों की तलाश की, लेकिन उनका कोई सुराग नहीं मिला। इसके बाद पीड़ित परिवार ने थाना तोरवा पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई।

पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं के तहत अपराध दर्ज कर लिया है। घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। पुलिस का कहना है कि आरोपियों की पहचान कर जल्द गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।

दिनदहाड़े हुई इस चेन स्नेचिंग की घटना ने क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों ने पुलिस गश्त बढ़ाने और ऐसे मामलों पर प्रभावी कार्रवाई की मांग की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!