5 साल से फरार तीन राज्यों का वांटेड शातिर चोर गिरफ्तार, बिलासपुर जीआरपी की बड़ी कार्रवाई

बिलासपुर। ट्रेनों के एसी कोच में सफर कर यात्रियों से दोस्ती गांठने और मौका मिलते ही उनका सामान चोरी कर फरार हो जाने वाले एक शातिर चोर को बिलासपुर जीआरपी ने गिरफ्तार किया है। आरोपी पिछले पांच वर्षों से फरार था और उसकी तलाश कई राज्यों की पुलिस कर रही थी। जीआरपी ने उसे रायपुर के बैजनाथपारा क्षेत्र से गिरफ्तार किया है।

जीआरपी के अनुसार, 10 अप्रैल को उधमपुर-दुर्ग एक्सप्रेस के ए-1 कोच में यात्रा कर रहे ग्वालियर निवासी जय सावनानी का ट्रॉली बैग उसलापुर रेलवे स्टेशन पर चोरी हो गया था। बैग में 25 हजार रुपए नकद, सोने की चेन सहित करीब 40 हजार रुपए का सामान रखा था। पीड़ित की शिकायत पर जीआरपी ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

जांच के दौरान स्टेशन के सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए, जिसमें एक युवक ट्रॉली बैग लेकर जाते हुए दिखाई दिया। फुटेज देखने पर शिकायतकर्ता ने उसकी पहचान उसी व्यक्ति के रूप में की, जो यात्रा के दौरान उसी एसी कोच में उसके साथ सफर कर रहा था। बर्थ विवरण और अन्य तकनीकी जांच के आधार पर आरोपी की पहचान दुर्ग निवासी फरहान तासीर खान (39 वर्ष) के रूप में हुई।

पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी पांच साल पहले दुर्ग से आर्थिक गड़बड़ी के एक मामले में फरार हो गया था। इसके अलावा उसकी तलाश दिल्ली, मथुरा, हरियाणा, कर्नाटक और बेंगलुरु सहित विभिन्न राज्यों की पुलिस भी कर रही थी।

सूचना मिलने पर बिलासपुर जीआरपी की टीम ने रायपुर के बैजनाथपारा क्षेत्र में दबिश देकर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। उसके कब्जे से चोरी की गई रकम में से 25 हजार रुपए नकद बरामद किए गए हैं।

एसी फर्स्ट और सेकेंड कोच को बनाता था निशाना

पूछताछ में पता चला कि आरोपी एसी फर्स्ट और एसी सेकेंड कोच में एंड-टू-एंड टिकट लेकर यात्रा करता था। वह खुद को किसी मल्टीनेशनल कंपनी का वरिष्ठ अधिकारी बताकर यात्रियों से घुल-मिल जाता था और उनकी गतिविधियों पर नजर रखता था। जैसे ही मौका मिलता, उनका सामान लेकर किसी भी स्टेशन पर उतरकर फरार हो जाता था।

जीआरपी आरोपी के आपराधिक रिकॉर्ड और अन्य राज्यों में दर्ज मामलों की जानकारी जुटा रही है। पुलिस को उम्मीद है कि पूछताछ में कई और वारदातों का खुलासा हो सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!