चेतना अभियान के तहत बिलासपुर पुलिस की अनूठी पहल, माहवारी पर हुई विशेष जागरूकता कार्यशाला

बिलासपुर। जिला पुलिस बिलासपुर द्वारा संचालित चेतना अभियान के अंतर्गत रक्षित केंद्र स्थित चेतना हॉल में माहवारी (मासिक धर्म) विषय पर विशेष जागरूकता कार्यशाला का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम जिला पुलिस बिलासपुर एवं बस्ता एजुकेशन एंड हेल्थ फाउंडेशन के प्रोजेक्ट “आरूग” के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित किया गया, जिसमें पुलिस विभाग के करीब 190 अधिकारी और कर्मचारियों ने भाग लिया।

कार्यशाला में मासिक धर्म से जुड़े सामाजिक मिथकों, भ्रांतियों और रूढ़िवादी धारणाओं पर खुलकर चर्चा की गई। वक्ताओं ने बताया कि माहवारी कोई बीमारी या अपवित्रता नहीं, बल्कि महिलाओं के शरीर में होने वाली एक प्राकृतिक और वैज्ञानिक प्रक्रिया है। इस विषय पर केवल महिलाओं और किशोरियों ही नहीं, बल्कि पुरुषों और परिवार के अन्य सदस्यों को भी जागरूक होना आवश्यक है।

प्रोजेक्ट “आरूग” की संस्थापक एवं सामाजिक कार्यकर्ता विनिता पटेल ने सरल और रोचक तरीके से मासिक धर्म से जुड़े विभिन्न पहलुओं की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि माहवारी के दौरान महिलाओं को शारीरिक और मानसिक बदलावों का सामना करना पड़ता है, ऐसे समय में परिवार के पुरुष सदस्यों को संवेदनशीलता के साथ उनका सहयोग करना चाहिए और उनके स्वास्थ्य व खानपान का विशेष ध्यान रखना चाहिए।

कार्यक्रम में उपस्थित उप पुलिस महानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह (आईपीएस) ने कहा कि माहवारी को लेकर परिवार और समाज में खुली चर्चा होना जरूरी है। उन्होंने बच्चों, किशोरों और युवाओं को इस विषय की सही जानकारी देने पर जोर देते हुए कहा कि जागरूकता की कमी कई बार महिलाओं और बालिकाओं के प्रति हिंसा तथा अपराधों का कारण बनती है। समाज में सही जानकारी और वैज्ञानिक सोच विकसित होने से ऐसी घटनाओं में कमी लाई जा सकती है।

विनिता पटेल ने बताया कि “आरूग” छत्तीसगढ़ी भाषा का शब्द है, जिसका अर्थ “पवित्र” होता है। इसी उद्देश्य के साथ प्रोजेक्ट आरूग की शुरुआत की गई ताकि माहवारी को लेकर समाज में फैली अपवित्रता की अवधारणा को समाप्त किया जा सके। उन्होंने बताया कि पिछले छह वर्षों में वे 15 हजार से अधिक महिलाओं और किशोरियों तथा एक हजार से अधिक पुरुषों और बालकों को माहवारी एवं महिला स्वास्थ्य के प्रति जागरूक कर चुकी हैं।

कार्यक्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) पंकज कुमार पटेल, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (यातायात) रामगोपाल करियारे, नगर पुलिस अधीक्षक कोतवाली गगन कुमार, नगर पुलिस अधीक्षक सिविल लाइन निमितेश सिंह, उप पुलिस अधीक्षक मंजुलता केरकेट्टा, उप पुलिस अधीक्षक अनिता प्रभा मिंज सहित बड़ी संख्या में पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।

कार्यक्रम के समापन पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह ने सभी उपस्थित अधिकारियों और कर्मचारियों को “आरूग वीर” बनने तथा महिलाओं के सम्मान, सहयोग और माहवारी संबंधी जागरूकता फैलाने का संकल्प दिलाया। उन्होंने समाज में सकारात्मक बदलाव लाने के लिए इस विषय पर निरंतर संवाद और जागरूकता अभियान चलाने की आवश्यकता पर बल दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!