
बिहार का 25 हजार का इनामी आरोपी रायपुर से गिरफ्तार, पहचान छिपाकर स्टील फैक्ट्री में कर रहा था नौकरी

रायपुर, 7 जून। बिहार के चर्चित गैंगरेप, हत्या के प्रयास और आर्म्स एक्ट के मामले में फरार चल रहे 25 हजार रुपये के इनामी आरोपी को रायपुर ग्रामीण पुलिस और बिहार पुलिस की संयुक्त टीम ने गिरफ्तार किया है। आरोपी कई वर्षों से रायपुर जिले के सिलतरा औद्योगिक क्षेत्र में अपनी पहचान छिपाकर एक निजी स्टील कंपनी में नौकरी कर रहा था।
पुलिस के अनुसार बिहार के जहानाबाद महिला थाना में वर्ष 2019 में दर्ज गंभीर आपराधिक प्रकरण में आरोपी अजय यादव वांछित था। उसके खिलाफ गैंगरेप, हत्या के प्रयास, लूट, मारपीट और आर्म्स एक्ट सहित कई गंभीर धाराओं के तहत अपराध दर्ज हैं। गिरफ्तारी से बचने के लिए वह लगातार अपना ठिकाना बदल रहा था, जिसके चलते मगध रेंज के पुलिस महानिरीक्षक द्वारा उस पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था।
तकनीकी विश्लेषण और खुफिया जानकारी के आधार पर बिहार पुलिस को आरोपी के रायपुर में छिपे होने की सूचना मिली। इसके बाद जहानाबाद पुलिस की विशेष टीम रायपुर पहुंची और सिलतरा चौकी पुलिस के साथ संयुक्त अभियान शुरू किया गया। चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक राजेन्द्र सिंह कंवर के नेतृत्व में गठित टीम ने आरोपी की गतिविधियों पर नजर रखते हुए योजनाबद्ध घेराबंदी की और उसे सिलतरा क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया।
जांच के दौरान यह भी सामने आया कि आरोपी सिलतरा स्थित एक निजी स्टील कंपनी में वर्षों से अपनी वास्तविक पहचान छिपाकर कार्यरत था। पुलिस ने आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी करने के बाद आरोपी को बिहार पुलिस के सुपुर्द कर दिया है, जहां उसे न्यायालय में पेश किया जाएगा।
कंपनी प्रबंधन की लापरवाही उजागर
कार्रवाई के दौरान पुलिस जांच में यह तथ्य भी सामने आया कि संबंधित निजी कंपनी द्वारा कर्मचारियों का अनिवार्य पुलिस सत्यापन नहीं कराया गया था। इसे गंभीर लापरवाही मानते हुए पुलिस ने कंपनी प्रबंधन को नोटिस जारी करने और नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
रायपुर ग्रामीण पुलिस ने जिले के सभी उद्योगों और प्रतिष्ठानों को कर्मचारियों का पुलिस सत्यापन अनिवार्य रूप से कराने की चेतावनी दी है। पुलिस का कहना है कि नियमों की अनदेखी करने वाले संस्थानों के खिलाफ भविष्य में कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
संयुक्त टीम की महत्वपूर्ण भूमिका
इस कार्रवाई में सिलतरा चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक राजेन्द्र सिंह कंवर, परिवीक्षाधीन उपनिरीक्षक किशन लाल, एएसआई रमेश शर्मा, आरक्षक राजकुमार चौबे और अर्जुन कुर्रे के साथ जहानाबाद पुलिस की उपनिरीक्षक सुरूचि शर्मा, एएसआई धनंजय कुमार, आरक्षक श्रीराम साहू, बंशी कुमार, मिन्टू कुमार तथा महिला आरक्षक कोमल कुमारी ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
