

बिलासपुर, 04 मई 2026। जिले के कोटा थाना अंतर्गत चौकी बेलगहना क्षेत्र में पुलिस ने गौ मांस रखने और काटने के आरोप में एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। कार्रवाई के दौरान आरोपी के कब्जे से लगभग 7 किलोग्राम मांस तथा मांस काटने में प्रयुक्त औजार जब्त किया गया है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, बेलगहना निवासी जय गुप्ता ने चौकी में उपस्थित होकर सूचना दी कि ग्राम करहीकछार में बिजली ऑफिस के पास रहने वाला एक व्यक्ति गौ मांस रखकर काट रहा है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने तत्काल वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराया और उनके मार्गदर्शन में कार्रवाई की योजना बनाई।
तड़के सुबह बेलगहना पुलिस टीम ने आरोपी के घर पर दबिश दी। मौके पर सुरेश कुमार सोनवानी (53 वर्ष) को अपने आंगन में मांस काटते हुए पकड़ा गया। पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि वह गाय एवं भैंस के मांस को काटकर सुखाता और उसे खाने के लिए रखता था।
पुलिस ने मौके से करीब 7 किलोग्राम कटा हुआ गौ मांस तथा मांस काटने में प्रयुक्त टंगली जब्त की। आरोपी के विरुद्ध छत्तीसगढ़ कृषक पशु परिरक्षण अधिनियम, 2004 की धारा 5 एवं 10 के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मामले में आगे की विधिसम्मत कार्रवाई जारी है।
