
शशि मिश्रा

गौ मांस तस्करी के संदेह में तोरवा पुलिस ने दो महिलाओं को संदेह के आधार पर हिरासत में लिया है । गौ रक्षको से मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने तालापारा निवासी दो महिलाओं को हिरासत में लिया। यह दोनों महिलाएं हसदेव एक्सप्रेस से रायपुर से बिलासपुर पहुंची थी। आरोप है कि इनके पास मौजूद ट्रॉली बैग में करीब 10 किलो गौ मांस है।
इधर पकड़ी गई तालापारा निवासी रेहाना और एलिजा का दावा है कि उनके पास मौजूद मांस, गौ मांस नहीं बल्कि बकरे का मटन है । क्योंकि रायपुर में मटन सस्ता है इसलिए वह अपने साथ 10 किलो मटन खरीद कर लाई है। पुलिस मामले में तफ्तीश कर रही है और मांस के परीक्षण के बाद ही यह पुष्टि हो पाएगी कि महिलाओं के पास मौजूद गौ मांस है या कुछ और।
हालांकि महिलाओं की दलील आसानी से गले नहीं उतर रही है। रायपुर और बिलासपुर में मटन की कीमत में कोई अंतर नहीं है। बिलासपुर में मटन 700-800रु किलो बिकता है। रायपुर में भी यही कीमत है। इस हिसाब से पकड़े गए मटन की कीमत करीब ₹8000 होनी चाहिए। एक साथ इतनी भारी मात्रा में कोई भी बिना किसी आयोजन के अपने घर के लिए इतना मटन खरीद कर नहीं लाएगा, इसलिए गौ रक्षको के आरोप सही प्रतीत हो रहे हैं । इधर महिलाओ के पकड़े जाने पर बड़ी संख्या में गौ रक्षक भी तोरवा थाने पहुंच गए और दोनों महिलाओं के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग करने लगे। मौके पर वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद है जो मामले की गहराई से जांच कर रहे हैं। आपको बता दे कि प्रदेश में गौ मांस बिक्री और रखना दोनों प्रतिबंधित है। जानकार बताते हैं कि इसके बावजूद बिलासपुर के कुछ चिन्हित मोहल्ले में धड़ल्ले से गौ मांस की बिक्री होती है और अक्सर बाहर से लाकर भी गौ मांस बेचा जाता है। फिलहाल तोरवा पुलिस ने पुख्ता जानकारी के बाद संदिग्ध महिलाओं को हिरासत में लिया है। पकड़े गए मांस को जांच के लिए लैब में भेजा जाएगा, जिसकी पुष्टि के बाद ही आगे की कार्यवाही होगी।
