पांच दिन ठप रहेगा सर्वर, दो दिन में कैसे बांटेंगे अनाज

शशि मिश्रा

21 से 25 मार्च तक सर्वर में खराबी के कारण पीडीएस अंतर्गत राशनकार्ड धारियों को खाद्यान्न का वितरण नहीं किया जा सकेगा। ऐसे में सारे राशन दुकानदारों से बीस मार्च तक खाद्यान्न का वितरण पूरा कर लेने की बात कही गई है। दिक्कत यह है कि आज की स्थिति में 51 प्रतिशत कार्डधारियों ने ही राशन का उठाव किया है, वहीं 49 प्रतिशत लोग उठाव के लिए शेष हैं, जबकि 18 से 20 मार्च के बीच केवल तीन दिनों के भीतर ही खाद्यान्न का उठाव करना है।

राशन दुकानों से अब तक अपना खाद्यान्न नहीं ले पाने वाले राशन कार्डधारियों के लिए यह महत्वपूर्ण खबर है। 21 से 25 मार्च के बीच सर्वर में खराबी के कारण खाद्यान्न का वितरण नहीं किया जा सकेगा। ऐसे में सारे राशन दुकानदारों को निर्देश हैं कि वे 18, 19 एवं 20 मार्च को अपने कार्डधारियों को खाद्यान्न का वितरण कर दें। इन तीन दिनों में

खाद्यान्न नहीं ले पाने की दशा में कार्डधारी 21 से 25 मार्च तक लगातार पांच दिनों तक खाद्यान्न नहीं ले पाएंगे।

हलाकान होगी पब्लिक

जिले में राशन कार्डधारियों की संख्या 5 लाख 52 हजार 817 है, जिनमें से 2 लाख 85 हजार 419 कार्डधारियों ने अब तक अपना खाद्यान्न प्राप्त कर लिया है। ऐसे में लगभग आधे कार्डधारियों को अगले तीन दिनों में अपना खाद्यान्न प्राप्त करना होगा। हालांकि इतनी बड़ी संख्या का इतने कम दिनों में राशन ले पाना संभव नहीं है, लेकिन नहीं ले पाने की स्थिति में पांच दिनों का इंतजार भी करना होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!