बिलासपुर: मगरपारा से भारतीय नगर चौक तक अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई, व्यापारियों से विवाद के बाद पुलिस ने संभाला मोर्चा


बिलासपुर शहर में यातायात व्यवस्था सुधारने के लिए शुक्रवार को नगर निगम और यातायात पुलिस ने संयुक्त अभियान चलाकर मगरपारा से भारतीय नगर चौक तक सड़क के दोनों ओर अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की। इस दौरान सड़क किनारे लगे ठेले, खोमचे और अस्थायी दुकानों को हटाया गया। कार्रवाई के दौरान कुछ समय के लिए विवाद की स्थिति भी बन गई, जिसे मौके पर मौजूद पुलिस बल ने संभाल लिया।
सुबह शुरू हुई इस कार्रवाई में नगर निगम की अतिक्रमण शाखा और यातायात पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। अधिकारियों ने सड़क किनारे लगे ठेलों और अवैध रूप से रखे गए सामान को हटाना शुरू किया। निगम अधिकारियों के अनुसार लंबे समय से इस मार्ग पर ठेले और अस्थायी दुकानों के कारण सड़क काफी संकरी हो गई थी, जिससे वाहनों की आवाजाही प्रभावित हो रही थी और आए दिन जाम की स्थिति बन रही थी।
कार्रवाई के दौरान कई ठेला संचालकों और स्थानीय व्यापारियों ने विरोध जताते हुए अपनी रोजी-रोटी प्रभावित होने की बात कही। कुछ दुकानदारों और निगमकर्मियों के बीच बहस भी हुई, जिससे कुछ देर के लिए माहौल गर्म हो गया। हालांकि मौके पर तैनात पुलिसकर्मियों ने समझाइश देकर स्थिति को शांत कराया, जिसके बाद अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई दोबारा शुरू कर दी गई।
नगर निगम अधिकारियों का कहना है कि शहर की अधिकांश सड़कों पर अतिक्रमण की समस्या लगातार बढ़ती जा रही है। सड़क किनारे दुकानदारों द्वारा सामान फैलाकर रखने और उसके बाद ठेले लग जाने से सड़कें और संकरी हो जाती हैं। इसके कारण लोग मजबूरी में सड़क पर ही वाहन खड़े करते हैं, जिससे यातायात व्यवस्था बिगड़ती है और शाम के समय जाम की समस्या और गंभीर हो जाती है।
अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि शहर की मुख्य सड़कों को अतिक्रमण मुक्त बनाने के लिए यह अभियान लगातार जारी रहेगा। प्रशासन ने नागरिकों और व्यापारियों से भी अपील की है कि वे सार्वजनिक सड़कों और फुटपाथों पर अतिक्रमण न करें, ताकि शहर में यातायात व्यवस्था सुचारू बनी रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!