
शशि मिश्रा

बिलासपुर। बेलगहना क्षेत्र के रतखंडी गांव में मंगलवार को दर्दनाक सड़क हादसे में एक महिला की मौत हो गई। रिश्तेदार की शादी में शामिल होने आई महिला देवपूजन की रस्म के लिए घर से निकली थी, तभी तेज रफ्तार हाइवा ने उसे अपनी चपेट में ले लिया।
पुलिस के अनुसार ग्राम मझवानी निवासी जमुना बाई अपने रिश्तेदार के यहां शादी में शामिल होने रतखंडी आई थी। मंगलवार दोपहर घर में देवपूजन का कार्यक्रम था, जिसके लिए परिवार की महिलाएं पारंपरिक गीत गाते हुए घर से बाहर निकली थीं। जमुना बाई भी उनके साथ पैदल चल रही थी।
इसी दौरान गांव के एक किराना दुकान के पास कोटा की ओर से आ रहे हाइवा चालक ने लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाते हुए जमुना बाई को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि महिला हाइवा के पहियों के नीचे आ गई और मौके पर ही उसकी मौत हो गई।
घटना के बाद आक्रोशित ग्रामीण बड़ी संख्या में सड़क पर इकट्ठा हो गए और ड्राइवर की गिरफ्तारी की मांग करते हुए सड़क जाम कर दिया। सूचना मिलते ही बेलगहना चौकी प्रभारी हेमंत सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों को समझाइश देकर शांत कराया।
मौके पर पहुंचे बेलगहना तहसीलदार ने मृतका के परिजनों को शासन की ओर से तात्कालिक सहायता राशि प्रदान की, जिसके बाद ग्रामीणों ने जाम खत्म कर दिया।
