
शशि मिश्रा

बिलासपुर/रतनपुर। पैसे के लेनदेन के विवाद में मारपीट की एफआईआर दर्ज होने के महज दो दिन बाद एक युवक द्वारा फांसी लगाकर आत्महत्या किए जाने का मामला सामने आया है। घटना से क्षेत्र में सनसनी फैल गई है। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गई है।
मिली जानकारी के अनुसार 18 फरवरी को रतनपुर क्षेत्र के नवागांव में एक पेड़ पर युवक का शव फांसी के फंदे पर लटका मिला था। शव की पहचान नहीं होने पर पुलिस ने उसे मरच्यूरी में रखवा दिया था। 19 फरवरी की शाम मृतक की पहचान जूना बिलासपुर निवासी मनीष देवांगन (32 वर्ष), पिता राजेश देवांगन के रूप में हुई।

रतनपुर टीआई निलेश पाण्डेय के अनुसार मृतक ने गांधी चौक में कोचिंग सेंटर संचालित करने वाले नामदेव से कुछ रकम उधार ली थी। 16 फरवरी को जब नामदेव ने अपना पैसा वापस मांगा, तो दोनों के बीच विवाद हो गया। आरोप है कि इस दौरान मनीष देवांगन ने नामदेव के साथ मारपीट की। मामले में पुलिस ने मनीष के खिलाफ एफआईआर दर्ज की थी।
इसी बीच 17 फरवरी को मनीष की पत्नी ने सिटी कोतवाली थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई कि उनका पति बिना बताए घर से कहीं चला गया है। पुलिस ने गुम इंसान कायम कर उसकी तलाश शुरू कर दी थी। तलाश के दौरान ही 18 फरवरी को नवागांव में पेड़ पर लटका शव बरामद हुआ, जिसकी बाद में पहचान मनीष देवांगन के रूप में हुई।
पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, हालांकि पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।
यदि आप या आपका कोई परिचित मानसिक तनाव से गुजर रहा है, तो तुरंत नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र या हेल्पलाइन से संपर्क करें। समय पर मदद जीवन बचा सकती है।
