तोरवा छठ घाट पुल पर कटीली टहनियां बनीं राहगीरों के लिए खतरा, पैदल चलना मुश्किल


बिलासपुर।
बिलासपुर शहर में लगातार बढ़ रहे यातायात दबाव के चलते तोरवा छठ घाट पुल पर आवाजाही काफी बढ़ गई है। सरकंडा क्षेत्र के तेजी से विकसित और विस्तारित होने के बाद दिनभर इस पुल से हजारों छोटी-बड़ी गाड़ियां गुजर रही हैं, वहीं बड़ी संख्या में पैदल यात्री भी इसी मार्ग का उपयोग कर रहे हैं।
तोरवा से पुल पार करने के बाद दूसरी ओर छठ घाट स्थित है और वहीं प्रयास आवासीय विद्यालय भी शुरू हो चुका है। इसके चलते विद्यार्थियों, अभिभावकों और स्थानीय लोगों की पैदल आवाजाही में भी इजाफा हुआ है। ऐसे में पुल पर सुरक्षित और सुगम रास्ता होना बेहद जरूरी है।

इधर पुल के फुटपाथ पर पुल के नीचे से कटीली पेड़ की टहनियां फैलकर एक बड़े हिस्से पर झुक गई हैं। इन टहनियों के कारण पैदल चलने वालों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। पेड़ कटीला होने के कारण लोगों को चोट लगने का खतरा बना हुआ है, खासकर रात के समय जब ये टहनियां साफ दिखाई भी नहीं देतीं।


स्थानीय लोगों का कहना है कि मजबूरी में उन्हें झुक-झुक कर और संभलकर इस पुल से गुजरना पड़ता है। किसी भी समय कोई राहगीर इसकी चपेट में आकर घायल हो सकता है। बावजूद इसके अब तक न तो नगर निगम और न ही पीडब्ल्यूडी विभाग ने इन कटीली टहनियों की छंटाई की सुध ली है।
लोगों ने संबंधित विभागों से जल्द से जल्द तोरवा छठ घाट पुल पर फैली कटीली पेड़ की टहनियों को हटाने और फुटपाथ को सुरक्षित बनाने की मांग की है, ताकि वाहन चालकों के साथ-साथ पैदल यात्रियों को भी बिना किसी डर और परेशानी के आवाजाही की सुविधा मिल सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!