पार्षद पति पर महिला से दुष्कर्म का आरोप, धमकियों से डरकर पीड़ित परिवार ने छोड़ा घर


बिलासपुर।
सकरी थाना क्षेत्र में उसलापुर के एक पार्षद पति पर 32 वर्षीय महिला ने दुष्कर्म का गंभीर आरोप लगाया है। पीड़िता का कहना है कि आरोपी खुलेआम घूम रहा है और विभिन्न कार्यक्रमों में शामिल हो रहा है, जबकि उसकी गिरफ्तारी अब तक नहीं हुई है। आरोपी की धमकियों के चलते पीड़ित परिवार घर छोड़कर बाहर रहने को मजबूर हो गया है।
पीड़िता के अनुसार आरोपी की पहचान उसलापुर निवासी राजेंद्र टंडन उर्फ रिंकू टंडन के रूप में हुई है, जो वार्ड क्रमांक तीन के पार्षद का पति है। महिला ने बताया कि करीब दो वर्ष पहले उसकी आरोपी से जान-पहचान हुई थी। इसके बाद आरोपी ने किसी तरह उसका मोबाइल नंबर हासिल कर फोन के जरिए परेशान करना शुरू कर दिया।
पीड़िता का आरोप है कि 13 अक्टूबर 2025 की शाम करीब 8.20 बजे, पति के घर पर नहीं होने के दौरान आरोपी उसके घर आया और बातचीत से इंकार करने पर गाली-गलौज करने लगा। डर के कारण उसने यह बात उस समय पति को नहीं बताई। इसके बाद 15 अक्टूबर 2025 की दोपहर करीब 2 बजे, जब वह घर में अकेली थी, आरोपी फिर पहुंचा। दरवाजा खोलने से मना करने पर उसने कुंडी तोड़कर घर में प्रवेश किया और महिला के साथ जबरदस्ती की।
पीड़िता ने बताया कि घटना की जानकारी देने पर आरोपी ने उसे और उसके पति को जान से मारने की धमकी दी। शर्म और भय के कारण वह कुछ समय तक चुप रही, लेकिन बाद में मानसिक प्रताड़ना और अपमान से परेशान होकर उसने पति को पूरी बात बताई। इसके बाद दोनों थाने पहुंचे, जहां 15 जनवरी को एफआईआर दर्ज की गई।
बयान के बाद दुष्कर्म की धारा जोड़ी गई
सकरी थाना पुलिस के अनुसार प्रारंभ में छेड़छाड़ का मामला दर्ज किया गया था। बाद में न्यायालय में पीड़िता के धारा 164 के बयान के दौरान शारीरिक संबंध बनाए जाने की बात सामने आने पर दुष्कर्म की धारा जोड़ी गई।
– विजय चौधरी, टीआई सकरी ने बताया कि आरोपी की पतासाजी की जा रही है।
एफआईआर के बाद भी नहीं हुई गिरफ्तारी
पीड़िता का आरोप है कि एफआईआर दर्ज होने के बाद आरोपी थाने भी आया था, लेकिन उसे गिरफ्तार नहीं किया गया और वह वहां से चला गया। इसके बाद से आरोपी की धमकियां बढ़ गईं, जिससे पूरा परिवार भय के साए में जी रहा है।
बेटी की पढ़ाई भी प्रभावित
आरोपी की धमकियों का असर पीड़िता की छोटी बेटी पर भी पड़ा है। बच्ची की स्कूल जाना बंद हो गया है और वह माता-पिता के साथ घर छोड़कर बाहर रहने को मजबूर है।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और आरोपी की तलाश जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!