प्रेमिका ने वीडियो कॉल पर मांगी मदद, लोकेशन से पहुंची पुलिस,शादी से इनकार पर प्रेमी ने पहले युवती का गला रेता, फिर खुद की जान ली, शादीशुदा युवक की मौत, युवती गंभीर—सिम्स में इलाज जारी


बिलासपुर।
शहर के एक प्रेमी जोड़े के बीच शादी को लेकर हुए विवाद ने मंगलवार रात दिल दहला देने वाला रूप ले लिया। शादी से इनकार करने पर नाराज प्रेमी ने पहले प्रेमिका का गला रेत दिया और फिर खुद की गर्दन काटकर आत्महत्या कर ली। घटना में युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि युवती गंभीर रूप से घायल है और सिम्स अस्पताल में उसका इलाज जारी है।
मृतक की पहचान 40 वर्षीय शुभम नायडू के रूप में हुई है, जबकि घायल युवती 22 वर्षीय निशा उर्फ प्रतीक्षा है। दोनों मंगलवार रात चुपके से बिलासपुर से कोरबा गए थे। शुभम मड़वारानी मंदिर में शादी करना चाहता था, लेकिन निशा के इनकार करने पर दोनों के बीच विवाद हो गया।
वीडियो कॉल से खुला मामला
घटना के बाद खून से लथपथ निशा ने अपनी सहेली को वीडियो कॉल कर मदद मांगी। सहेली ने पहले 112 पर कॉल किया, लेकिन बात नहीं बन पाई। इसके बाद उसने युवती के परिजन और किराएदार के माध्यम से सिटी कोतवाली थाना पहुंचकर पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने निशा को वीडियो कॉल किया। वह बोलने की स्थिति में नहीं थी, लेकिन किसी तरह लोकेशन शेयर कर पाई। इसके आधार पर कोरबा कंट्रोल रूम को सूचना दी गई, जिसके बाद उरगा पुलिस मौके पर पहुंची।


अस्पताल में युवक मृत घोषित
दोनों को तत्काल सिम्स अस्पताल भेजा गया, जहां डॉक्टरों ने शुभम को मृत घोषित कर दिया। सिम्स अधीक्षक डॉ. लखन सिंह ने बताया कि युवती की श्वास नली बुरी तरह प्रभावित हुई थी। उसे इमरजेंसी एआईसीयू में भर्ती कर गले में ट्रैकिया डालकर कृत्रिम श्वास नली बनाई गई है। फिलहाल उसकी हालत में सुधार है।
दो साल से था प्रेम संबंध
पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि शुभम और निशा के बीच पिछले दो वर्षों से प्रेम संबंध था। शुभम अपनी पूरी कमाई निशा पर खर्च करता था और पत्नी से तलाक लेकर उसके साथ रहना चाहता था, लेकिन तलाक की प्रक्रिया में समय लग रहा था। वहीं निशा के परिजन उसकी शादी के लिए रिश्ता तलाश रहे थे, इसी कारण दोनों भागकर मंदिर में शादी करने निकले थे।
शादीशुदा था आरोपी, दो साल का बेटा
शुभम पहले से शादीशुदा था और उसका दो साल का बेटा भी है। वह बिलासपुर में चोलामंडलम कंपनी में नौकरी करता था। 2022 में उसने नंदिता नामक युवती से लव मैरिज की थी। पारिवारिक विवाद के चलते पत्नी बच्चे के साथ मायके में रह रही थी।
पुलिस जांच जारी
घटना की सूचना देर रात परिजनों द्वारा थाने में दी गई थी। परिजनों ने शुभम पर युवती को भगाने का संदेह जताया था। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!