एक शक, एक वार और खत्म हो गई जिंदगीप्रेम प्रसंग में युवक की चाकू मारकर हत्या, प्रेमिका हिरासत में

शशि मिश्रा


बिलासपुर।
शहर के शुभम विहार स्थित शिक्षक कॉलोनी में बुधवार को प्रेम प्रसंग से जुड़ी एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। शक और आपसी विवाद के दौरान एक युवती ने अपने ही प्रेमी पर चाकू से हमला कर दिया, जिससे युवक की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया।
पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान कांता प्रसाद (25 वर्ष) के रूप में हुई है, जो ग्राम कर्रा, थाना रतनपुर का निवासी था। उसके पिता का नाम दूज राम बताया गया है। कांता प्रसाद बिलासपुर के मिनोचा कॉलोनी के पास स्थित हरी चटनी रेस्टोरेंट में कार्यरत था। रेस्टोरेंट संचालक ने अपने कर्मचारियों के रहने के लिए शुभम विहार की शिक्षक कॉलोनी में अंजू लाल के मकान किराए पर लिया था, जहां सभी कर्मचारी हॉस्टल की तरह रह रहे थे।
बताया जा रहा है कि मंगलवार सुबह मृतक की प्रेमिका रोशनी सूर्यवंशी, निवासी झलमला सीपत, उससे मिलने शुभम विहार कॉलोनी पहुंची थी। इसी दौरान किसी अन्य युवती से कथित संबंध को लेकर दोनों के बीच कहासुनी हो गई। युवती ने आरोप लगाया कि कांता प्रसाद किसी और से संपर्क में था और उसने उसे मोबाइल पर ब्लॉक कर रखा था।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार विवाद बढ़ने पर युवती गुस्से में आ गई और हाथापाई के दौरान उसने चाकू से युवक के सीने पर वार कर दिया। गंभीर चोट लगने से अत्यधिक रक्तस्राव हुआ और कांता प्रसाद की मौके पर ही मौत हो गई।

युवक और युवती की इंस्टाग्राम के माध्यम से दोस्ती हुई थी और कुछ दिनों पहले ही दोनों में झगड़ा हो गया था, जिसके बाद युवक ने उसे ब्लॉक कर दिया था। इसे लेकर युवती नाराज थी और इसके निपटारे के लिए सीधे प्रेमी के पास पहुंच गई थी।


घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और क्षेत्र को घेराबंदी कर सुरक्षित किया। फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य एकत्र किए। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस ने आरोपी युवती को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
पुलिस का कहना है कि प्रेम प्रसंग, विवाद के वास्तविक कारणों और घटना की परिस्थितियों की गहन जांच की जा रही है। इस घटना के बाद शुभम विहार कॉलोनी में दहशत का माहौल है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के निष्कर्षों के आधार पर की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!