

बिलासपुर | राजेंद्र नगर में पुताई के विवाद को लेकर हुए विवाद के 49 दिन बाद कांग्रेस नेता विश्वंभर गुलहरे के खिलाफ पुलिस ने एफआईआर दर्ज की है। यह घटना 17 अक्टूबर की है, जब पड़ोसी महिला चेतना सलूजा और कांग्रेस नेता के बीच घर की दीवार की पुताई को लेकर कहासुनी हुई, जो बाद में मारपीट में बदल गई।
जानकारी के अनुसार, चेतना सलूजा घर की पुताई करवा रही थीं, तभी दोनों पक्षों के बीच विवाद हो गया। महिला ने तत्काल 112 नंबर पर कॉल भी किया। बाद में दोनों पक्षों ने आपस में समझौता कर लिया था। इसी बीच कांग्रेस नेता चोरी-छिपे थाने पहुंचे और महिला के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करा दी, जिसके आधार पर पुलिस ने उस समय महिला और उसके पति पर एफआईआर दर्ज कर दी थी।
जब यह बात चेतना सलूजा और उनके पति को पता चली, तो वे भी सिविल लाइन थाने पहुंचे और कांग्रेस नेता के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई। महिला ने आरोप लगाया कि विवाद के दौरान नेता ने उसके साथ मारपीट की और उसकी कलाई मरोड़ दी।
शिकायत की जांच के बाद पुलिस ने शुक्रवार को कांग्रेस नेता विश्वंभर गुलहरे के खिलाफ मामला दर्ज किया। घटना के 49 दिन बाद हुई यह कार्रवाई अब चर्चा का विषय बनी हुई है। पुलिस मामले की विवेचना कर रही है।
