

बिलासपुर।
जिला कांग्रेस कमेटी (शहर/ग्रामीण) ने 27 नवंबर को शहर में कई जनसमस्याओं को लेकर कलेक्टर कार्यालय का शांतिपूर्ण घेराव किया था। रजिस्ट्री दरों में वृद्धि, 5 डिसमिल से कम जमीन की बिक्री पर रोक, जर्जर सड़कों की बदहाल स्थिति, धान खरीदी में अव्यवस्था, बढ़ते बिजली बिल तथा गरीबों के मकानों पर बुलडोजर कार्रवाई जैसे मुद्दों को लेकर बड़ी संख्या में कांग्रेसजन सड़कों पर उतरे थे।
कांग्रेस का आरोप है कि जनहित के मुद्दों पर शांतिपूर्ण प्रदर्शन के बावजूद भाजपा सरकार लोकतांत्रिक मूल्यों का गला घोंट रही है। विपक्ष को जनता की समस्याएं सरकार तक पहुंचाने का संवैधानिक अधिकार होने के बावजूद कांग्रेस नेताओं पर एफआईआर दर्ज कर दमन की कोशिश की जा रही है।

घेराव के बाद पूर्व जिला कांग्रेस अध्यक्ष (ग्रामीण) विजय केशरवानी, पूर्व शहर जिला अध्यक्ष विजय पांड़े सहित अन्य कांग्रेसियों पर पुलिस द्वारा एफआईआर दर्ज की गई है। इसके विरोध में कांग्रेस ने अब खुला मोर्चा खोलने का निर्णय लिया है।
कांग्रेसजनों ने घोषणा की है कि 02 दिसंबर, मंगलवार को दोपहर 12 बजे कांग्रेस भवन में सभी कार्यकर्ता एकत्रित होंगे, जिसके बाद सामूहिक रूप से सिविल लाइन थाना पहुंचकर गिरफ्तारी देंगे। जिला कांग्रेस कमेटी ने सभी कांग्रेसजनों से अधिक से अधिक संख्या में उपस्थिति की अपील की है, ताकि सरकार की दमनात्मक कार्रवाई के खिलाफ मजबूत संदेश दिया जा सके।
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि वे जनता के हित और लोकतंत्र की रक्षा के लिए संघर्ष जारी रखेंगे।
