

बिलासपुर के सरकंडा इलाके में दिल दहला देने वाली घटना में चरित्र शंका के चलते पति ने पत्नी की हत्या कर दी और खुद फांसी पर लटक गया। मृतका नेहा उर्फ शिवानी तांबे ने 10 साल पहले राज तांबे के साथ प्रेम विवाह किया था। दम्पत्ति के तीन बच्चे भी हैं। बताया जा रहा है कि नेहा का किसी राजेश विश्वास के साथ प्रेम संबंध था, जिसे लेकर अक्सर दोनों के बीच विवाद होता था।

सरकंडा क्षेत्र के अटल आवास में राज तांबे और नेहा उर्फ शिवानी तांबे रहते थे। दोनों लायंस कंपनी में सफाई कर्मी का काम करते थे। दोनों पति-पत्नी 24 नवंबर की दोपहर तक घर से बाहर नहीं निकले तो मोहल्ले वालों को शक हुआ।
नेहा की मां रीना चिन्ना उन्हें देखने के लिए घर गई तो घर का दरवाजा बंद था। दरवाजा खोलकर अंदर झांकी तो देखा कि नेहा बिस्तर पर मृत पड़ी है, वही दामाद पंखे से फांसी के फंदे पर झूल रहा है । घटना की जानकारी तत्काल सरकंडा पुलिस को दी गई । घर के अंदर दीवार पर लिपस्टिक से सुसाइड नोट लिखा था, जिसमें राजेश विश्वास का नाम और मोबाइल नंबर भी दर्ज था।

सुसाइड नोट में लिखा गया था कि नेहा मोबाइल पर राजेश विश्वास के साथ बात करते पकड़ी गई थी। वह ऊर्जा पार्क में भी उसके साथ पकड़ी गई थी पति-पत्नी की मौत के लिए राजेश विश्वास को जिम्मेदार ठहराया गया है। माना जा रहा है कि पति ने पहले तो पत्नी की हत्या कर दी और फिर अपराध बोध में खुद भी फांसी पर झूल गया। नेहा के गले पर खरोच के निशान मिले हैं। माना जा रहा है कि उसकी गला दबाकर हत्या की गई है।

सुसाइड नोट में इसके लिए राजेश विश्वास को दोषी ठहराया गया है। लिखा गया है कि जब पति बाथरूम में था तब भी नेहा उससे बात कर रही थी। फांसी लगाने से पहले उसने बच्चों को आई लव यू लिखा है। पुलिस ने शवो को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और मामले की तफ्तीश कर रही है।

