

बिलासपुर |
शहर में चोरों ने दो जगहों पर वारदात को अंजाम दिया है। एक ओर एसईसीएल के रिटायर्ड कर्मचारी के सूने मकान को निशाना बनाते हुए चोरों ने सोने-चांदी के जेवर उड़ा दिए, वहीं दूसरी ओर छात्रों के किराए के मकान से बाइक और लैपटाप चोरी हो गया। दोनों मामलों में पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
भिलाई गए थे शादी में, लौटे तो टूटी मिली आलमारी
चिल्हाटी रोड, मॉडल टाउन मोपका निवासी मोहम्मद शफीक उल्लाह एसईसीएल के रिटायर्ड कर्मचारी हैं। 20 अक्टूबर की दोपहर 12.30 बजे वे परिवार सहित रिश्तेदार की शादी में शामिल होने भिलाई गए थे। उन्होंने घर में ताला लगाकर बाहर की चाबी पड़ोसी मंजर इमाम के पास रख दी थी।
अगले दिन 21 अक्टूबर को पड़ोसी ने फोन कर बताया कि मकान का दरवाजा खुला हुआ है। सूचना मिलने पर मोहम्मद शफीक दोपहर 12 बजे घर पहुंचे तो कमरों का सामान बिखरा पड़ा था। दोनों आलमारी के ताले टूटे थे और भीतर रखे सोने-चांदी के जेवर गायब थे। चोरी गए सामान की कीमत लगभग 1.50 लाख रुपए बताई गई है।
छात्रों के किराए के कमरे से लैपटाप और बाइक चोरी
दूसरी घटना चौबे कॉलोनी की है, जहां ओडिशा के बरगढ़ जिले के ग्राम रेमुण्डा निवासी तोपेश्वर मेहेर अपने साथियों सुभाशीष दास, आयन राय और संतू के साथ किराए के मकान में रहता है। दो दिन पहले सुभाशीष राउरकेला चला गया था। तोपेश्वर रात 11 बजे सो गया, जबकि आयन राय लैपटाप पर काम कर रहा था।
सुबह जब तोपेश्वर 8 बजे उठा तो उसने देखा कि कमरे से बाइक, लैपटाप, बैग, चार्जर, माउस, पेन ड्राइव और घड़ी गायब हैं। अज्ञात चोरों ने रात में चोरी की वारदात को अंजाम दिया।
पुलिस ने दोनों मामलों में अज्ञात चोरों के खिलाफ अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आसपास के CCTV फुटेज खंगाले जा रहे हैं ताकि चोरों का सुराग लगाया जा सके।
