डॉ. संजय अनंत को मिला “निर्मला अंतरराष्ट्रीय हिन्दी साहित्य सेवा सम्मान”कुरुक्षेत्र में आयोजित अंतरराष्ट्रीय साहित्य संगोष्ठी में सम्मानित हुए छत्तीसगढ़ के गौरव

हिन्दी साहित्य के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान के लिए छत्तीसगढ़ के सुप्रसिद्ध समीक्षक, लेखक एवं द फिल्म फाउंडेशन ट्रस्ट भारत के नेशनल वाइस प्रेसीडेंट डॉ. संजय अनंत को वर्ष 2025 का “निर्मला अंतरराष्ट्रीय हिन्दी साहित्य सेवा सम्मान” प्रदान किया गया। यह सम्मान उन्हें हिन्दी भाषा और साहित्य के अंतरराष्ट्रीय प्रचार-प्रसार में अमूल्य योगदान के लिए प्रदान किया गया।

यह सम्मान अंतरराष्ट्रीय साहित्य संगोष्ठी में मुख्य अतिथि पद्मश्री प्रो. डॉ. रविन्द्र कुमार (कुलपति, चौधरी चरणसिंह यूनिवर्सिटी) द्वारा, डॉ. धर्मदेव विद्यार्थी (निदेशक, हरियाणा साहित्य एवं संस्कृति अकादमी, हरियाणा सरकार) की उपस्थिति में प्रदान किया गया। कार्यक्रम का आयोजन हरियाणा साहित्य संस्कृति अकादमी (हरियाणा सरकार) और अखिल भारतीय प्रेरणा साहित्य शोध संस्थान के संयुक्त तत्वावधान में किया गया।

सनातन परंपरा के अनुरूप कार्यक्रम का शुभारंभ डॉ. संजय अनंत, पद्मश्री डॉ. रविन्द्र कुमार और डॉ. धर्मदेव विद्यार्थी द्वारा दीप प्रज्वलन से किया गया। इस अवसर पर देश-विदेश से कई साहित्यकार, चिंतक और विद्वान उपस्थित थे।

डॉ. संजय अनंत ने संगोष्ठी में अपने उद्बोधन में हिन्दी साहित्य के वैश्विक स्वरूप पर विचार रखते हुए, हिन्दी भाषा के प्रसार-प्रचार में आने वाली अंतरराष्ट्रीय चुनौतियों और उनके समाधानों पर विस्तार से प्रकाश डाला।

गौरतलब है कि डॉ. अनंत का प्रवासी साहित्य पर आधारित शोध कार्य “समीक्षा के दर्पण में प्रवासी काव्य” प्रकाशित हो चुका है, जिसमें उन्होंने सूरीनाम, मॉरिशस, नीदरलैंड, जर्मनी, दुबई, न्यूजीलैंड, ऑस्ट्रेलिया, घाना, अमेरिका और किर्गिस्तान में बसे प्रवासी भारतीयों के साहित्य की समीक्षा की है।

कार्यक्रम में संयोजक डॉ. अशोक कुमार मंगलेश ने स्वागत भाषण दिया, जबकि मुख्य अतिथि पद्मश्री प्रो. डॉ. रविन्द्र कुमार और डॉ. धर्मदेव विद्यार्थी ने भी अपने विचार व्यक्त किए।

डॉ. संजय अनंत की इस उपलब्धि पर आईएमए नेशनल कॉन्सिल सदस्य एवं द फिल्म फाउंडेशन ट्रस्ट छत्तीसगढ़ यूनिट के सचिव डॉ. अविजित रायजादा ने बधाई दी है। वहीं वरिष्ठ कवि एवं एसईसीएल के पूर्व वरिष्ठ अभियंता अशोक शर्मा ने इसे छत्तीसगढ़ के लिए गौरव का क्षण बताया है।

इसके साथ ही वरिष्ठ कांग्रेसजन अपूर्व तिवारी, प्रफुल्ल सिन्हा, समाजसेवी दीपक गुप्ता और जिला सहकारी बैंक के शाखा प्रबंधक राजेश पांडेय ने भी डॉ. संजय अनंत को इस अंतरराष्ट्रीय सम्मान के लिए हार्दिक शुभकामनाएं दी हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!