

बिलासपुर। सेन समाज के प्रदेश उपाध्यक्ष अविनाश ठाकुर के खिलाफ बीमा क्लेम की रकम हड़पने का मामला सामने आया है। आरोप है कि उन्होंने बालोद जिले के कुमुरकट्टा निवासी एक परिवार को दुर्घटना बीमा क्लेम के 21 लाख 21 हजार रुपए फिक्स डिपॉजिट कराने का झांसा देकर ठग लिए। पीड़ित परिवार की शिकायत पर सिविल लाइन थाना पुलिस ने उनके खिलाफ धोखाधड़ी का केस दर्ज किया है।
जानकारी के अनुसार, जनवरी 2024 में कुमुरकट्टा निवासी उर्मिला बाई सेन (50) के दो बेटे भुवनेश्वर सेन और पिंकूराम सेन सड़क हादसे में मौत का शिकार हो गए थे। इसके बाद प्रदेश उपाध्यक्ष अविनाश ठाकुर ने मृतकों की पत्नी डिलेश्वरी और सुनीता सेन को बीमा क्लेम दिलाने का भरोसा दिलाया। उन्होंने दोनों बहुओं से आधार कार्ड और अन्य दस्तावेज लिए। अदालत के आदेश पर बड़ी बहू डिलेश्वरी को 20 लाख और छोटी बहू सुनीता को 19 लाख रुपए का बीमा क्लेम स्वीकृत हुआ।
अविनाश ने पीड़ित परिवार को भरोसा दिलाया कि यह राशि बच्चों के भविष्य के लिए एफडी कराई जाएगी। लेकिन जब परिवार को पैसों की जरूरत पड़ी तो पता चला कि खाते से पूरी रकम निकाल ली गई है। जांच में सामने आया कि अविनाश ने डिलेश्वरी के खाते से 2.97 लाख, सुनीता के खाते से 8.97 लाख और अन्य हिस्से से 9.27 लाख रुपए निकालकर कुल 21.21 लाख की हेराफेरी की है।
उर्मिला बाई ने आरोप लगाया कि अविनाश ने कुछ रुपए देने के बाद कहा था कि फैसला उनके पक्ष में करवाने के लिए जज और अन्य लोगों को रकम दी गई है। मामले का खुलासा तब हुआ जब बड़े बेटे की पत्नी का निधन हो गया और खाते की जांच कराई गई।
फिलहाल पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
