
यूनुस मेमन

रतनपुर। शारदीय नवरात्रि के पावन अवसर पर रतनपुर स्थित सिद्ध शक्तिपीठ मां महामाया के दरबार में आस्था का सैलाब उमड़ पड़ा है। देशभर से लाखों श्रद्धालु देवी दर्शन के लिए यहां पहुंच रहे हैं। श्रद्धालुओं की आस्था का आलम यह है कि कई लोग पदयात्रा कर महामाया के दरबार पहुंचकर देवी का आशीर्वाद प्राप्त कर रहे हैं।

नवरात्रि की महा अष्टमी पर प्रदेश के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय भी मां महामाया की शरण में पहुंचे। कोरबा प्रवास से लौटते समय देर रात वे सड़क मार्ग से रतनपुर पहुंचे और मां महामाया के दरबार में विधि-विधान से पूजा-अर्चना की। मुख्यमंत्री ने प्रदेश की सुख, समृद्धि और खुशहाली की कामना करते हुए देवी से आशीर्वाद मांगा।
इस अवसर पर उनके साथ बेलतरा विधायक सुशांत शुक्ला, भाजपा जिलाध्यक्ष दीपक सिंह और मोहित जायसवाल सहित कई जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। पूजन-अर्चन के बाद मुख्यमंत्री रतनपुर महामाया मंदिर ट्रस्ट के कार्यालय भी गए, जहां ट्रस्ट प्रबंधन की ओर से उन्हें स्मृति चिन्ह भेंट किया गया।

गौरतलब है कि कुछ दिनों पहले पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल भी माता महामाया के दरबार पहुंचे थे और देवी दर्शन कर प्रदेशवासियों की मंगलकामना की थी। इससे पहले कालरात्रि के दिन लाखों श्रद्धालु पदयात्रा करते हुए रतनपुर पहुंचे और माता के चरणों में नतमस्तक हुए।
शारदीय नवरात्र पर मां महामाया का दरबार इन दिनों पूरी तरह भक्तिमय वातावरण से सराबोर है। दिन-रात देवी जयकारों से गूंजते रतनपुर में आस्था और परंपरा का अनोखा संगम देखने को मिल रहा है।
