सकरी पुलिस का आकस्मिक चेकिंग अभियान, दो चाकूधारी गिरफ्तार, 12 लोग आबकारी एक्ट में चालान

बिलासपुर। जिले के सकरी थाना क्षेत्र में पुलिस ने आकस्मिक चेकिंग अभियान चलाकर असामाजिक तत्वों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की है। इस अभियान में दो युवकों से धारदार चाकू बरामद किए गए, जिन्हें मौके पर ही गिरफ्तार कर उनके खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत कार्रवाई की गई। वहीं, 12 लोगों को सार्वजनिक स्थल पर शराब पीते हुए पकड़ा गया, जिन पर छत्तीसगढ़ आबकारी अधिनियम की धाराओं के तहत चालानी कार्रवाई की गई।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर राजेन्द्र जायसवाल एवं नगर पुलिस अधीक्षक सिविल लाइन निमितेश सिंह के मार्गदर्शन में सकरी पुलिस ने गुरुवार रात क्षेत्र के प्रमुख चौक-चौराहों, सार्वजनिक स्थलों और संवेदनशील इलाकों में व्यापक चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान पुलिस ने संदिग्ध व्यक्तियों की तलाशी ली। चेकिंग के दौरान दो व्यक्तियों के पास अवैध रूप से धारदार चाकू बरामद हुए। आरोपियों की पहचान लक्की पांडे पिता गोपाल पांडे (19 वर्ष) निवासी वार्ड क्रमांक 14, सकरी तथा साहिल खान पिता अकरम खान (21 वर्ष) निवासी संतोषी नगर, रायपुर (वर्तमान निवास सकरी) के रूप में हुई। दोनों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया।

इसी अभियान में सार्वजनिक स्थानों पर शराब सेवन कर रहे 12 व्यक्तियों को भी पकड़ा गया। इनमें राजकुमार वर्मा, रविशंकर साहू, सागर शुक्ला, समीर सरजाल, वैभव शुक्ला, वीरेंद्र ध्रुव, अशोक साहू, राम अवतार यादव, निखिल सूर्यवंशी, सुखदेव साहू, राजू साहू और प्रियांक अग्रवाल शामिल हैं। सभी के खिलाफ छत्तीसगढ़ आबकारी अधिनियम की संबंधित धाराओं में चालानी कार्रवाई की गई।

थाना सकरी पुलिस का यह अभियान असामाजिक तत्वों को स्पष्ट संदेश देता है कि क्षेत्र में किसी भी प्रकार की आपराधिक गतिविधि बर्दाश्त नहीं की जाएगी। साथ ही यह कार्रवाई आम नागरिकों में पुलिस की सक्रियता और तत्परता के प्रति विश्वास को और मजबूत करती है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि भविष्य में भी इस तरह के अभियान लगातार चलाए जाएंगे ताकि अपराध पर नियंत्रण स्थापित किया जा सके और क्षेत्र में शांति एवं सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!