शपथ लेने के दौरान पूजा विधानी की फिसली जुबान, कह दिया सांप्रदायिकता अक्षुण्ण रखूंगी, मचा बवाल

यूनुस मेमन

उप मुख्यमंत्री अरुण साव, केंद्रीय शहरी विकास राज्य मंत्री तोखन साहू की उपस्थिति में नगर पालिक निगम, बिलासपुर के नव निर्वाचित महापौर एवं पार्षदों का शपथ ग्रहण समारोह मुंगेली नाका मैदान में संपन्न हुआ। कलेक्टर अवनीश शरण ने महापौर एवं सभी पार्षदों को वार्डवार शपथ दिलाई।महापौर पूजा विधानी ने मंत्रियों और विधायकों की उपस्थिति में महापौर पद की शपथ ली। इसके बाद पार्षदों को 10 – 10 के समूह में शपथ दिलाई गई। शपथ ग्रहण उपरांत महापौर श्रीमती पूजा विधानी ने उप मुख्यमंत्री श्री अरुण साव, केंद्रीय शहरी विकास राज्य मंत्री श्री तोखन साहू, विधायक श्री अमर अग्रवाल, श्री धरमलाल कौशिक,श्री धरमजीत सिंह, श्री सुशांत शुक्ला एवं विशिष्ट अतिथियों को स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया। नगर निगम आयुक्त अमित कुमार ने सभी अतिथियों, जनप्रतिनिधियों एवं शहरवासियों के प्रति आभार व्यक्त किया।

महापौर की फिसली जुबान

शपथ ग्रहण के दौरान एक अजीबोगरीब वाकया हो गया। मेयर पूजा विधानी ने शपथ लेते हुए दोहराया कि भारत के संविधान के प्रति सच्ची श्रद्धा और निष्ठा रखूंगी। मैं भारत की सांप्रदायिकता और अखंडता को अक्षुण्ण रखूंगी । असल में उन्हें संप्रभुता कहना था लेकिन छपा हुआ पर्चा पढ़ने के दौरान भी पूजा विधानी से यह गलती हो गई। इसके तुरंत बाद कलेक्टर ने उन्हें टोका । मंच पर मौजूद अन्य अतिथि भी सकते में रह गए। इस वजह से उन्हें दोबारा शपथ दिलाई गई, लेकिन विपक्ष इस मुद्दे को ले उड़ा और उन्होंने इसे महापौर की सोच के साथ उनके शैक्षणिक योग्यता पर भी सवाल उठाने शुरू कर दिये। जवाब में पूजा विधानी ने कहा कि उनसे शपथ लेने में जरूर गलती हुई है लेकिन शहर विकास में वह कोई गलती नहीं करेंगी और प्राथमिकता के साथ बुनियादी आवश्यकताओं को पूरा करते हुए महिलाओं के लिए पिंक टॉयलेट का निर्माण करेंगी।

इधर विपक्ष को चिढ़ाते हुए महापौर पूजा विधानी ने नगर निगम का गंगाजल से शुद्धिकरण किया। पूजा अर्चना के बाद वह अपनी कुर्सी पर बैठी। पूजा विधानी ने इसे भ्रष्टाचार के भूत हटाने के लिए शुद्धिकरण बताया तो वहीं कांग्रेस में इसे गंगाजल से भाजपा की नौटंकी करार दिया।

पूजा विधानी बिलासपुर की 12वीं और दूसरी महिला महापौर बनी है। इससे पहले वह भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष भी रह चुकी है। 2009 में वाणी राव शहर की पहली महिला मेयर बनी थी। बिलासपुर नगर निगम में अब तक 11 महापौर बने हैं जिसमें से सात कांग्रेस से और 4 भाजपा से हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!