

रामा वैली, बिलासपुर।
राष्ट्र्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के शताब्दी वर्ष के उपलक्ष्य में देशभर में आयोजित हो रहे कार्यक्रमों की श्रृंखला के अंतर्गत अब रामा वैली में भी गृह संपर्क अभियान की शुरुआत हो गई है। यह अभियान 15 नवंबर से प्रारम्भ हो गई है , जिसमें संघ के स्वयंसेवकों की टोलियाँ क्षेत्र के प्रत्येक परिवार तक पहुँचकर सद्भावना, संस्कार और सामाजिक समरसता का संदेश देंगी।

प्रत्येक घर तक पहुँचेगी टोली
इस अभियान के दौरान रामा वैली क्षेत्र में घर-घर जाकर संघ के कार्यकर्ताओं की तीन से चार सदस्यों वाली टोलियाँ संपर्क करेंगी। प्रत्येक टोली में एक महिला कार्यकर्ता को भी सम्मिलित किया जा रहा है ताकि परिवार के सभी सदस्यों से सहज संवाद स्थापित हो सके।
बताया गया है कि अभियान का लक्ष्य प्रत्येक घर तक पहुँचना है तथा सामाजिक सौहार्द बढ़ाने वाले संदेशों को लोगों तक पहुँचाना है।
पुस्तक, फोल्डर और भारत माता का चित्र साथ लेकर चलेगी टोली
संपर्क के दौरान स्वयंसेवक एक विशेष पुस्तक, फोल्डर तथा भारत माता का चित्र साथ लेकर चलेंगे। यह पुस्तक लगभग 60–70 पृष्ठों की होगी, जिसमें—
1️⃣ संघ की विकास यात्रा
2️⃣ समाज के सामने उपस्थित चुनौतियाँ
3️⃣ संघ के पंच परिवर्तन से जुड़े विषय
का विस्तृत वर्णन किया गया है। यह पुस्तक स्थानीय स्तर पर उपलब्ध कराई जाएगी।
परिवारों को बताई जाएगी संघ की भूमिका व कार्य
अभियान के दौरान टोली प्रत्येक घर में संघ के कार्यों, समाज जीवन में संगठन की भूमिका, राष्ट्रीय एकता, सांस्कृतिक जागरण एवं पंच परिवर्तन के बारे में जानकारी देगी। इसके साथ ही, समाज में रुचि रखने वाले लोगों की जानकारी भी संकलित की जाएगी, जिसे बाद में आगामी कार्यक्रमों से जोड़ा जाएगा।
रामा वैली के स्वयंसेवकों की पूर्ण तैयारी
रामा वैली क्षेत्र में इस अभियान को सफल बनाने हेतु स्वयंसेवकों की बैठकें आयोजित की गई हैं और क्षेत्रवार टोलियाँ गठित कर दी गई हैं। सभी स्वयंसेवकों ने इस सामाजिक संपर्क कार्यक्रम में उत्साहपूर्वक भागीदारी का संकल्प लिया है।
इस अभियान का उद्देश्य परिवार-परिवार तक सद्भाव, संस्कार और राष्ट्रभावना का संदेश पहुँचाना है।
