

भारत विश्व के सबसे सफल लोकतांत्रिक देशो में से एक है और इसका पूरा श्रेय भारत के संविधान को जाता है। भारत के इसी संविधान के लागू होने की तिथि यानी गणतंत्र दिवस को हर वर्ष राष्ट्रीय पर्व के रूप में मनाया जाता है। 75 वें गणतंत्र दिवस पर देश भर में आयोजन हुए। इसी कड़ी में तोरवा छठ घाट में पाटलिपुत्र संस्कृति विकास मंच द्वारा हर वर्ष की भांति इस बार भी ध्वजारोहण किया गया। पाटलिपुत्र सांस्कृतिक विकास मंच के वर्तमान अध्यक्ष डॉ धर्मेंद्र कुमार दास ने सुबह समाज के पदाधिकारी और सदस्यों की उपस्थिति में ध्वजारोहण किया।

इससे पहले उन्होंने भारत माता के चित्र पर पुष्प अर्पित करते हुए उनकी पूजा अर्चना की। शशि नारायण मिश्र ने सभी अतिथियों का स्वागत किया। तिरंगा फहराने के बाद उपस्थित जनसमूह ने जन- गण- मन गाकर तिरंगे को सलामी दी। इस अवसर पर उपस्थित वक्ताओं ने गणतंत्र दिवस को लेकर अपने विचार रखें। इसी कड़ी में मुख्य अतिथि और मंच के अध्यक्ष डॉक्टर धर्मेंद्र कुमार दास ने कहा कि भारत के लोकतंत्र की ही खूबसूरती है कि हम सब आज आजादी के बाद सचमुच स्वतंत्रता का अनुभव कर रहे हैं। भारत की आजादी के साथ ही अस्तित्व में आए देश का संविधान और लोकतंत्र कमजोर रहा है, इसीलिए वे आज विकास की दौड़ में भारत से कोसों पिछड़ गए हैं। उन्होंने इस बात पर भी जोर दिया कि हमारा देश छोटे-छोटे संगठनों और समाज से मिलकर बना है। जब समाज संगठित होगा तभी देश भी मजबूत और संगठित बनेगा, इसलिए उन्होंने आपसी भाईचारे और प्रेम पर बल दिया ।

उन्होंने सबसे आवाहन किया कि हमारा पूरा प्रयास होना चाहिए कि हम अच्छी सोच के साथ अपने व्यवहार को विनम्र रखें। जिस तरह अपने परिवार से प्रेम करते हैं वैसा ही प्रेम अपने देश और समाज से करें और सबको साथ लेकर चलने का प्रयास करें। उन्होंने कहा कि भारतीय संविधान की यही खूबसूरती है कि 500 सालों के संघर्ष के बाद आखिरकार सनातनियों को उनका राम मंदिर न्यायिक प्रक्रिया से मिली है । उन्होंने कहा कि अयोध्या में राम जी के विराजमान होने के बाद से देश भर में अभूतपूर्व उत्साह है। आज भी उस क्षण को याद कर रोम रोम पुलकित हुआ जा रहा है। उन्होंने आशा व्यक्त करते हुए कहा कि भविष्य में जल्द ही सभी अयोध्या पहुंचकर प्रभु राम लला के उस दिव्य स्वरूप का दर्शन अवश्य करेंगे। अपने संबंध में डॉक्टर धर्मेंद्र कुमार दास ने कहा कि जब से समाज ने उन्हें अध्यक्ष पद की जिम्मेदारी दी, तब से उन्हें हमेशा ही समाज और समाज के वरिष्ठ लोगों का मार्गदर्शन मिला।

एक वर्ष के इस कार्यकाल में जो भी उपलब्धियां हासिल की गई है वह किसी एक व्यक्ति की नहीं हुई, बल्कि यह पूरे समाज के सहयोग से ही संभव हो पाया है, इसलिए इसका श्रेय भी पूरे समाज को जाता है। डॉक्टर दास ने स्पष्ट किया कि अकेला चना भाड़ नहीं फोड़ सकता, कोई भी अकेला व्यक्ति बड़े उद्देश्यों की प्राप्ति नहीं कर सकता इसके लिए समाज की एकजुटता की आवश्यकता होती है। इसी तरह समाज के एक व्यक्ति से ही मिलकर देश का निर्माण होता है। जब समाज मजबूत होगा तो देश भी मजबूत और संगठित बनेगा, जिसकी ओर आंख उठा कर देखने की ताकत कोई शत्रु देश नहीं कर सकेगा। कार्यक्रम के पश्चात सभी में मिष्ठान का वितरण किया गया।



इस अवसर पर पाटलिपुत्र संस्कृति विकास मंच के अध्यक्ष डॉ धर्मेंद्र कुमार दास, सचिव सुधीर झा, कोषाध्यक्ष धनंजय झा , डॉ कुमुद रंजन सिंह, कोमल प्रकाश यादव, अभिषेक सिंह , आदित्य सिंह, आनंद झा, रुपेश कुशवाह, सतीश सिंह, अशोक झा, सुनील सिंह काका, राहुल सिंह, चंदन सिंह, नलनी सिंह, जगदानंद झा, रौनक सिंह, संजय सिंह, कमलेश सिंह, ललितेश्वर सिंह, आयुष सिंह, बी बी तिवारी , जे पी सिंह, जे पी दास, रवि मिश्रा, आनंद मोहन मिश्रा, गोपाल सिंह , अजीत पंडित , चंद्र किशोर प्रसाद, लकी ठाकुर , राज किशोर श्रीवास, सपना सराफ, चंद्र प्रकाश, धीरज झा, अवधेश गिरी , दीपक कुमार, राहुल शर्मा, नकुल सिंह, आदित्य ठाकुर, अभिषेक ठाकुर , अमित सिंह, आशीष सिंह, रवि शुक्ला, शशि नारायण मिश्रा जय शुक्ला, विनोद सिन्हा, आदि समेत बच्चे बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।




