
बिलासपुर। तिफरा फ्लाईओवर पर सोमवार दोपहर हुए दर्दनाक सड़क हादसे में एक युवक की मौत हो गई, जबकि उसका दोस्त गंभीर रूप से घायल हो गया। मृतक अपने पिता को इलाज के लिए सिम्स भेजे जाने के बाद बाइक से उनके पीछे अस्पताल जा रहा था। इसी दौरान तेज रफ्तार बोलेरो ने उसकी बाइक को पीछे से टक्कर मार दी। हादसे में युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसका साथी अस्पताल में भर्ती है।
जानकारी के अनुसार मुंगेली जिले के पथरिया निवासी भानू लहरे के पिता केशव लहरे घर में बिजली का काम करते समय करंट की चपेट में आ गए थे। परिजनों ने उन्हें तत्काल उपचार के लिए बिलासपुर स्थित सिम्स अस्पताल रवाना किया। पिता की हालत की जानकारी लेने के लिए भानू अपने दोस्त टुकेश यादव के साथ बाइक से सिम्स जा रहा था।
दोपहर करीब 12 बजे जब दोनों तिफरा फ्लाईओवर से नीचे उतर रहे थे, तभी पीछे से आ रही तेज रफ्तार अज्ञात बोलेरो ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही दोनों युवक सड़क पर गिर पड़े। इस दौरान बाइक अनियंत्रित होकर सामने जा रही एक मालवाहक गाड़ी से टकरा गई।
हादसे में भानू लहरे के सिर में गंभीर चोट आई। उसे तत्काल सिम्स अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद मृत घोषित कर दिया। वहीं, गंभीर रूप से घायल टुकेश यादव का उपचार जारी है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार भानू ने हेलमेट नहीं पहना था, जिसके कारण उसके सिर पर गंभीर चोट लगी।
घटना की सूचना मिलते ही सिविल लाइन पेट्रोलिंग टीम मौके पर पहुंची और दोनों घायलों को अस्पताल पहुंचाया। पुलिस ने अज्ञात बोलेरो चालक और मालवाहक वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। फरार बोलेरो चालक की तलाश की जा रही है।
मदद की जगह वीडियो बनाते रहे लोग
हादसे के बाद सड़क पर लोगों की भीड़ जमा हो गई, लेकिन कई राहगीर घायल युवकों की मदद करने के बजाय मोबाइल से वीडियो और फोटो बनाने में व्यस्त रहे। दुर्घटना के कारण फ्लाईओवर पर वाहनों की लंबी कतार लग गई। बाद में यातायात पुलिस और ट्रैफिक एएसपी रामगोपाल करियारे की टीम ने मौके पर पहुंचकर यातायात व्यवस्था को सामान्य कराया।
पुलिस ने लोगों से सड़क दुर्घटना की स्थिति में घायलों की तत्काल मदद करने और यातायात नियमों का पालन करने की अपील की है। साथ ही दोपहिया वाहन चालकों को हेलमेट पहनने की सलाह दी गई है।
