बिलासपुर। छत्तीसगढ़ में मानसून की प्रतीक्षा कर रहे लोगों के लिए राहत भरी खबर है। दक्षिण-पश्चिम मानसून ने बस्तर संभाग में प्रवेश कर लिया है और अब तेजी से उत्तर दिशा की ओर बढ़ रहा है। मौसम विभाग के अनुसार अगले दो से तीन दिनों के भीतर बिलासपुर जिले में भी मानसून की पहली बारिश होने की संभावना है। मानसून के आगमन के साथ ही लोगों को भीषण गर्मी और उमस से राहत मिलने की उम्मीद है।
इस वर्ष मानसून का आगमन पिछले वर्ष की तुलना में कुछ दिनों की देरी से हो रहा है। वर्ष 2025 में बिलासपुर में मानसून 17 जून को पहुंच गया था, जबकि इस बार अब तक जिले में इसकी औपचारिक दस्तक नहीं हुई है। हालांकि मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि अनुकूल परिस्थितियां बनने लगी हैं और जल्द ही मानसून सक्रिय हो जाएगा।
पिछले 12 वर्षों के आंकड़ों पर नजर डालें तो बिलासपुर में मानसून के पहुंचने की तारीख 12 जून से 26 जून के बीच रही है। वर्ष 2021 में मानसून सबसे पहले 12 जून को पहुंचा था, जबकि वर्ष 2018 में सबसे देर से 26 जून को इसकी एंट्री हुई थी।
रविवार रात हुई हल्की बारिश के बाद तापमान में मामूली गिरावट दर्ज की गई है। सोमवार को अधिकतम तापमान 38.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो सामान्य से 1.7 डिग्री अधिक है। वहीं न्यूनतम तापमान 28.4 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 2.3 डिग्री ज्यादा दर्ज किया गया।
मानसून का सबसे अधिक इंतजार किसानों को है। जिले के ग्रामीण क्षेत्रों में खरीफ सीजन की तैयारियां लगभग पूरी हो चुकी हैं और किसान पहली अच्छी बारिश की प्रतीक्षा कर रहे हैं। बारिश शुरू होते ही धान सहित खरीफ फसलों की बोनी का कार्य प्रारंभ हो जाएगा। कृषि विशेषज्ञों का मानना है कि समय पर और पर्याप्त वर्षा धान उत्पादन के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है।
मौसम विभाग के अनुसार बस्तर क्षेत्र में मानसून सक्रिय होने के बाद बंगाल की खाड़ी से लगातार नमी आ रही है। हवाओं के रुख में बदलाव के कारण बिलासपुर संभाग में बादलों की गतिविधियां बढ़ गई हैं, जिससे आगामी दिनों में अच्छी बारिश की संभावना प्रबल हो गई है।
