जीपीएम जिले के मरवाही थाना क्षेत्र में हुए चर्चित अपहरण कांड का पुलिस ने खुलासा करते हुए तीन अंतरराज्यीय आरोपियों को गिरफ्तार कर अपहृत किराना व्यापारी को सकुशल बरामद कर लिया है। आरोपियों ने व्यापारी के बदले 20 लाख रुपये की फिरौती मांगी थी। पुलिस मामले में फिरौती के साथ-साथ गांजा तस्करी से जुड़े संभावित एंगल की भी जांच कर रही है।
जानकारी के अनुसार ग्राम उसाड़ निवासी गिरीश यादव (41) का 20 जून को सुबह करीब 11 बजे कुछ बदमाशों ने उसके घर में घुसकर पिस्टल के बल पर अपहरण कर लिया था। आरोपी उसे जबरन एक वाहन में बैठाकर अपने साथ ले गए। घटना के बाद पीड़ित की पत्नी की शिकायत पर मरवाही थाने में मामला दर्ज किया गया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए साइबर सेल और मरवाही पुलिस की संयुक्त टीम गठित की गई। जांच के दौरान अपहरणकर्ताओं ने गिरीश यादव के घर में छूटे मोबाइल फोन पर कॉल कर उसे छोड़ने के एवज में 20 लाख रुपये की फिरौती मांगी और रकम नहीं देने पर जान से मारने की धमकी दी। इसी कॉल के आधार पर पुलिस ने डिजिटल ट्रैकिंग, कॉल डिटेल, टावर लोकेशन और सीसीटीवी फुटेज की मदद से आरोपियों का पीछा किया।
पुलिस ने कार्रवाई करते हुए महाराष्ट्र, राजस्थान और उत्तर प्रदेश से जुड़े तीन आरोपियों पुंडलिक केंद्रे (37) निवासी लातूर, चंद्रशेखर (30) निवासी जोधपुर तथा शेषपाल सिंह (30) निवासी फिरोजाबाद को गिरफ्तार किया। आरोपियों के कब्जे से वारदात में प्रयुक्त स्कॉर्पियो वाहन, जिस पर पुलिस की प्लेट और नीली बत्ती लगी हुई थी, एक पिस्टल, छह जिंदा कारतूस और छह मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं।
पुलिस ने अपहृत गिरीश यादव को सुरक्षित मुक्त करा लिया है। फिलहाल मामले की विस्तृत जांच जारी है।
