बिलासपुर। शहर के एक इलेक्ट्रिक वाहन डीलर के स्टॉक यार्ड से नई स्कूटी गायब होने का मामला सामने आया है। खास बात यह है कि कंपनी के जीपीएस सिस्टम में स्कूटी अब भी रनिंग कंडीशन में दिखाई दे रही है। घटना के बाद यार्ड में काम करने वाला एक कर्मचारी अचानक नौकरी छोड़कर लापता हो गया है, जिससे पुलिस का संदेह उसी पर केंद्रित हो गया है।
जानकारी के अनुसार मिनोचा कॉलोनी निवासी करण ऋषि, विशाल इन्फिनिटी प्राइवेट लिमिटेड के अधिकृत एथर डीलर हैं। उनका स्टॉक यार्ड लिंक रोड स्थित है, जहां नई इलेक्ट्रिक स्कूटियों का भंडारण किया जाता है।
बताया गया कि पिछले वर्ष सितंबर में यार्ड में इलेक्ट्रिक स्कूटियों का एक लॉट पहुंचा था। मई 2026 में स्टॉक मिलान और ऑडिट के दौरान चेसिस नंबर MYHACBEAISBJ12110 वाली सफेद रंग की एथर रिज्टा एस स्कूटी गायब पाई गई। यार्ड और आसपास के क्षेत्रों में काफी खोजबीन के बाद भी वाहन का कोई पता नहीं चल सका।
जांच के दौरान यह तथ्य भी सामने आया कि यार्ड में कार्यरत कर्मचारी तरुण कुमार अचानक नौकरी छोड़कर चला गया और उसके बाद से उसका कोई पता नहीं चल पाया है। इस घटनाक्रम के बाद डीलर ने सिविल लाइन थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई।
डीलर का आरोप है कि स्कूटी को गायब करने में तरुण कुमार की भूमिका हो सकती है। वहीं, कंपनी के जीपीएस सिस्टम में वाहन के सक्रिय होने की जानकारी मिलने से मामले ने और भी रहस्यमय रूप ले लिया है। पुलिस अब तकनीकी साक्ष्यों और जीपीएस लोकेशन के आधार पर स्कूटी की तलाश कर रही है।
सिविल लाइन थाना पुलिस ने शिकायत के आधार पर जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और संदिग्ध कर्मचारी की तलाश भी की जा रही है। वाहन की वास्तविक लोकेशन और उसके गायब होने की परिस्थितियों का पता लगाने के लिए तकनीकी टीम की भी मदद ली जा रही है।
