

बिलासपुर, 12 जून 2026।
आगामी 21 जून अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस 2026 के सफल आयोजन तथा 14 जून को आयोजित होने वाले गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड हेतु सबसे बड़े ऑनलाइन योग सत्र में अधिकतम जनसहभागिता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से आज दिनांक 12 जून 2026 को जिला आयुष कार्यालय, बिलासपुर में जिला आयुष अधिकारी डॉ. यशपाल सिंह ध्रुव की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक आयोजित की गई।
बैठक में अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अंतर्गत आयोजित किए जाने वाले विभिन्न कार्यक्रमों की तैयारियों की समीक्षा करते हुए जिला आयुष अधिकारी ने बताया कि आयुष मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा 14 जून 2026 (रविवार) को प्रातः 06:15 बजे से 07:35 बजे तक विश्व के सबसे बड़े ऑनलाइन योग सत्र के माध्यम से गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड स्थापित करने का प्रयास किया जा रहा है। इस ऐतिहासिक आयोजन का सीधा प्रसारण आयुष मंत्रालय के आधिकारिक यूट्यूब चैनल पर किया जाएगा, जिसमें देश-विदेश के लाखों लोगों के शामिल होने की संभावना है।
डॉ. ध्रुव ने निर्देश दिए कि जिले के सभी आयुष्मान आरोग्य मंदिरों, शासकीय एवं अशासकीय संस्थानों, विद्यालयों, महाविद्यालयों, स्वयंसेवी संगठनों, योग प्रशिक्षकों तथा आम नागरिकों को इस अभियान से जोड़ने हेतु व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाए। उन्होंने कहा कि अधिक से अधिक लोगों की सहभागिता से भारत इस विश्व रिकॉर्ड को स्थापित करने में सफल होगा।
बैठक में जानकारी दी गई कि आयुष मंत्रालय द्वारा टोल फ्री नंबर 1800-315-7008 जारी किया गया है। नागरिक इस नंबर पर मिस्ड कॉल देकर योग आंदोलन एवं अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस अभियान से जुड़ सकते हैं। सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को अधिक से अधिक लोगों से मिस्ड कॉल करवाकर उन्हें अभियान से जोड़ने के निर्देश दिए गए।
जिला आयुष अधिकारी ने बताया कि 17 जून से 21 जून 2026 तक जिले के सभी आयुष्मान आरोग्य मंदिरों में पांच दिवसीय योग प्रशिक्षण शिविर आयोजित किए जाएंगे। इन शिविरों के माध्यम से आमजन को योग के विभिन्न आयामों, नियमित योगाभ्यास एवं स्वस्थ जीवनशैली के प्रति जागरूक किया जाएगा। उन्होंने सभी चिकित्सकों एवं योग प्रशिक्षकों को अपने-अपने कार्यक्षेत्र में जनजागरूकता अभियान चलाकर अधिक से अधिक लोगों की सहभागिता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
साथ ही 21 जून 2026 को आयोजित अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के जिला स्तरीय एवं स्थानीय कार्यक्रमों में सभी विभागों, संस्थाओं, जनप्रतिनिधियों, विद्यार्थियों तथा नागरिकों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने पर विशेष बल दिया गया।
बैठक में डॉ. अजय भारती, डॉ. कोमल सिंह डोटे, डॉ. रश्मि जितपुरे, डॉ. अपर्णा मिश्रा, डॉ. विश्वनाथ पटेल, डॉ. भारती श्रीवास, डॉ. योगेंद्रनाथ चौहान, लिली ठाकुर, रामेश्वर बरगाह, सतीश, हमिदा बेगम, रश्मि पांडे, गोलू एवं अविनाश दुबे सहित आयुष विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
जिला आयुष अधिकारी डॉ. यशपाल सिंह ध्रुव ने जिलेवासियों से अपील की है कि वे 14 जून को प्रातः 6:15 बजे आयोजित ऑनलाइन योग सत्र में शामिल होकर भारत को गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड स्थापित करने में सहयोग दें तथा 21 जून अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के कार्यक्रमों में उत्साहपूर्वक सहभागिता करें।
