

बिलासपुर। छत्तीसगढ़ में मतदाता सूची पुनरीक्षण प्रक्रिया के दौरान 82,759 मतदाताओं की स्थिति संदिग्ध पाई गई है। इनमें बिलासपुर जिले की छह विधानसभा क्षेत्रों के 5,077 मतदाता शामिल हैं। इन सभी आवेदनों को निर्वाचन आयोग ने फिलहाल ‘इनएलिजिबल’ श्रेणी में रखा है।
सूत्रों के अनुसार, इन मतदाताओं के आवेदन में विभिन्न प्रकार की त्रुटियां पाई गई हैं। हालांकि अंतिम निर्णय अभी बाकी है और फाइनल डाटा जारी होने के बाद ही स्पष्ट होगा कि इनमें से कितने नाम अंतिम मतदाता सूची में शामिल किए जाएंगे।
90 विधानसभा सीटों पर चला पुनरीक्षण
प्रदेश की सभी 90 विधानसभा सीटों में विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण (SIR) प्रक्रिया चल रही थी, जिसका शनिवार को अंतिम दिन था। 13 फरवरी की स्थिति के अनुसार 82,759 आवेदन ‘इनएलिजिबल’ श्रेणी में दर्ज किए गए हैं।
रिपोर्ट के मुताबिक प्रारंभिक सत्यापन में इन आवेदनों को अंतिम सूची में शामिल करने योग्य नहीं पाया गया, लेकिन अधिकारियों द्वारा दोबारा समीक्षा की जा रही है। यदि जांच में संबंधित आवेदक पात्र पाए जाते हैं, तो उन्हें मतदाता सूची में स्थान दिया जा सकता है।
त्रुटियों के कारण संदिग्ध
जानकारी के अनुसार दस्तावेजों की कमी, दोहरी प्रविष्टि, आयु संबंधी विसंगति, निवास प्रमाण पत्र में त्रुटि या अन्य तकनीकी कारणों से इन आवेदनों को संदिग्ध माना गया है।
फिलहाल निर्वाचन अधिकारियों की समीक्षा के बाद ही यह तय होगा कि कितने मतदाता अंतिम सूची में बने रहेंगे और कितनों के नाम विलोपित किए जाएंगे। अगले एक-दो दिनों में स्थिति स्पष्ट होने की संभावना है।
