

बिलासपुर।
बिलासपुर पुलिस रेंज में आम जनता और पुलिस के बीच पारदर्शी व प्रभावी संवाद को सशक्त बनाने की दिशा में एक अभिनव पहल की शुरुआत की गई है। पुलिस महानिरीक्षक बिलासपुर रेंज श्री रामगोपाल गर्ग की परिकल्पना से विकसित ‘अनुभव’ क्यूआर कोड सिस्टम का शुभारंभ आज 5 फरवरी को पुलिस लाइन स्थित चेतना हॉल में गरिमामय कार्यक्रम के दौरान किया गया।
कार्यक्रम में संभाग आयुक्त श्री अनिल जैन, पुलिस महानिरीक्षक श्री रामगोपाल गर्ग, जिला कलेक्टर श्री संजय अग्रवाल, डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बिलासपुर श्री रजनेश सिंह की विशेष उपस्थिति रही। वहीं रेंज के सभी जिलों—कोरबा, रायगढ़, जांजगीर-चांपा, मुंगेली, जीपीएम, सारंगढ़ एवं सक्ती के पुलिस अधीक्षक वर्चुअली कार्यक्रम से जुड़े।

इस अवसर पर ‘अनुभव’ क्यूआर कोड को विधिवत रिबन काटकर लॉन्च किया गया। इस क्यूआर कोड को स्कैन कर आम नागरिक थाने अथवा पुलिस कार्यालय से जुड़े अपने अनुभव और फीडबैक सीधे पुलिस महानिरीक्षक कार्यालय तक पहुंचा सकेंगे। कोड स्कैन करने पर एक सरल गूगल फॉर्म खुलता है, जिसमें प्रश्नोत्तर के माध्यम से नागरिक अपनी प्रतिक्रिया दे सकते हैं। फीडबैक देने वाले व्यक्ति को अपनी पहचान और मोबाइल नंबर गोपनीय रखने का विकल्प भी दिया गया है।
पुलिस महानिरीक्षक श्री रामगोपाल गर्ग ने अपने उद्बोधन में कहा कि समय की मांग है कि पुलिस तकनीकी रूप से सक्षम बने और आमजन को सरल माध्यम से अपनी बात रखने का अवसर मिले। ‘अनुभव’ इसी सोच का परिणाम है, जिससे पुलिसिंग की गुणवत्ता में सुधार होगा और जनता की अपेक्षाओं को बेहतर तरीके से समझा जा सकेगा। उन्होंने बताया कि आज से रेंज के सभी आठ जिलों के प्रत्येक थाने में यह व्यवस्था लागू कर दी गई है।

जिला कलेक्टर श्री संजय अग्रवाल ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि यह व्यवस्था आम नागरिकों को बिना किसी कार्यालय के चक्कर लगाए सीधे वरिष्ठ अधिकारियों तक अपनी बात पहुंचाने का सशक्त माध्यम है। संभाग आयुक्त श्री अनिल जैन ने कहा कि नवाचार को अपनाना वर्तमान समय की आवश्यकता है और जनता के सेवक होने के नाते हमारे कार्यों का मूल्यांकन भी जनता के माध्यम से होना चाहिए।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बिलासपुर श्री रजनेश सिंह ने बताया कि जिले के सभी थानों में ‘अनुभव’ क्यूआर कोड स्थापित कर दिए गए हैं। इससे थानों में आने वाले फरियादियों के अनुभव के आधार पर व्यवस्थाओं में आवश्यक सुधार किए जा सकेंगे।
कार्यक्रम के दौरान वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रायगढ़ श्री शशिमोहन सिंह, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मुंगेली श्री भोजराम पटेल एवं पुलिस अधीक्षक कोरबा श्री सिद्धार्थ तिवारी ने भी अपने विचार व्यक्त करते हुए इस पहल को पुलिसिंग को और अधिक संवेदनशील, जवाबदेह व प्रभावी बनाने वाला बताया।
कार्यक्रम में ‘अनुभव’ प्रणाली के उपयोग और उपयोगिता को लेकर एक वीडियो प्रेजेंटेशन भी प्रस्तुत किया गया। इस अवसर पर शहर के गणमान्य नागरिक, समाजसेवी संस्थाओं के प्रतिनिधि तथा प्रिंट एवं सोशल मीडिया के प्रबुद्धजन उपस्थित रहे।
अंत में पुलिस महानिरीक्षक श्री रामगोपाल गर्ग ने आम नागरिकों से अपील की कि वे इस व्यवस्था का सकारात्मक और जिम्मेदार उपयोग करें, अच्छा अनुभव हो तो साझा करें और किसी कमी को निर्भय होकर बताएं, ताकि व्यवस्था में निरंतर सुधार किया जा सके।

