

बिलासपुर।
सरकंडा क्षेत्र के पीएम श्री शासकीय प्राथमिक शाला खमतराई में शुक्रवार सुबह उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक पागल कुत्ता स्कूल परिसर में घुस आया और पहली कक्षा के एक छात्र सहित दो महिला शिक्षिकाओं पर हमला कर दिया। हमले में एक शिक्षिका के पैर का मांस बुरी तरह नोच लिया गया। घटना के बाद स्कूल के छात्र, शिक्षक, पालक और ग्रामीण दहशत में हैं।
जानकारी के अनुसार सुबह करीब 8.20 बजे स्कूल परिसर में प्रार्थना सभा चल रही थी। प्रार्थना समाप्त होने के बाद बच्चे कक्षाओं की ओर जा रहे थे, तभी एक पागल कुत्ता अचानक परिसर में घुस आया। उसने पहली कक्षा के छात्र सावन लास्कर (5) को दौड़ाकर काट लिया, जिससे वह घायल हो गया। बच्चे को बचाने पहुंची महिला शिक्षिका सीता कश्यप को भी कुत्ते ने काट लिया।
प्रधानपाठक व अन्य लोगों की मदद से घायल छात्र और शिक्षिका को तत्काल सिम्स ले जाया गया, जहां दोनों को एंटी रैबीज इंजेक्शन लगाया गया।
इसी बीच कुत्ते के दोबारा स्कूल में घुसने से रोकने के लिए शिक्षिका शालिनी तिवारी गेट बंद करने पहुंचीं, तभी कुत्ते ने उन पर भी हमला कर दिया। कुत्ते ने उनके पैर को बुरी तरह काटते हुए मांस नोचकर शरीर से अलग कर दिया। आसपास मौजूद ग्रामीणों ने किसी तरह कुत्ते को भगाया। गंभीर रूप से घायल शिक्षिका को भी सिम्स में भर्ती कराया गया, जहां एंटी रैबीज इंजेक्शन दिया गया।
10 लोगों को बना चुका है शिकार
स्कूल में हमला करने के बाद कुत्ता सिद्धि विहार कॉलोनी की ओर भाग गया, जहां उसने रिटायर्ड हेडमास्टर हरनाम सिंह के बेटे को काट लिया। इसके अलावा एक गाय को भी घायल किया। स्थानीय लोगों के अनुसार यह पागल कुत्ता अब तक करीब 10 लोगों को काट चुका है। सूचना के बाद नगर निगम का डॉग कैचर दल मौके पर पहुंचा, लेकिन कुत्ते को पकड़ा नहीं जा सका।

पहले भी दी गई थी चेतावनी
प्रधानपाठक सरोज यादव ने घटना के बाद डीईओ, बीईओ और नगर निगम के जोन कमिश्नर को पत्र लिखकर स्थिति से अवगत कराया है। उन्होंने बताया कि पहले ही क्षेत्रीय विधायक, समग्र शिक्षा समन्वयक, पार्षद और स्कूल प्रबंधन समिति को सूचित किया गया था कि स्कूल में बाउंड्री वॉल नहीं होने से आवारा कुत्ते, गाय और बंदर परिसर में घुस आते हैं, जिससे बच्चों की जान को खतरा है, लेकिन किसी स्तर पर ध्यान नहीं दिया गया।
कुत्तों का बढ़ता आतंक
शहर में आवारा और पागल कुत्तों का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है। अनुमान है कि शहर में 7 हजार से अधिक आवारा कुत्ते हैं, जो रोज औसतन 18 लोगों को काट रहे हैं। सिम्स अस्पताल में बीते तीन महीनों में डॉग बाइट के 1625 मामले सामने आए हैं और 7300 से अधिक एंटी रैबीज वैक्सीन की डोज दी गई हैं।
प्रशासन हुआ सक्रिय
घटना की जानकारी मिलते ही डीईओ कार्यालय सक्रिय हुआ और समग्र शिक्षा के माध्यम से राज्य सरकार को रिपोर्ट भेजी गई है। वहीं प्रशासन द्वारा स्कूलों से बाउंड्री वॉल की जानकारी मांगी गई थी, लेकिन जिले के 61 हाई और हायर सेकेंडरी स्कूलों ने अब तक विवरण नहीं भेजा है।
घटना ने एक बार फिर स्कूल परिसरों की सुरक्षा और आवारा कुत्तों पर नियंत्रण को लेकर प्रशासन की तैयारियों पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
